अयोध्या। उत्तर प्रदेश कबड्डी संघ की वार्षिक बैठक रविवार को हाईवे स्थित होटल में आयोजित हुई। बैठक में संघ के चुनाव संपन्न हुए, जिसमें विकास सिंह को सर्वसम्मति से लगातार दूसरी बार उत्तर प्रदेश कबड्डी संघ का अध्यक्ष चुना गया। बृजेंद्र प्रताप सिंह को महासचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई। बैठक में वर्ष 2026-27 के वार्षिक खेल कैलेंडर पर भी विस्तार से चर्चा की गई और प्रदेश में कबड्डी के विकास की रूपरेखा तय की गई। चुनाव प्रक्रिया भारत सरकार के स्टैंडिंग काउंसिल व चुनाव अधिकारी श्रीनिवास राय की देखरेख में संपन्न हुई। इस दौरान पर्यवेक्षक के रूप में प्रदीप यादव, क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी अनिमेष सक्सेना व उत्तर प्रदेश ओलंपिक संघ के पर्यवेक्षक परमेंद्र सिंह मौजूद रहे।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष विकास सिंह ने कहा कि कबड्डी भारत की पारंपरिक एवं गौरवशाली खेल विरासत का प्रतीक है। संघ का उद्देश्य ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में इस खेल को और अधिक लोकप्रिय बनाना व प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराना है। आगामी खेल कैलेंडर के तहत प्रदेश के विभिन्न जिलों में प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा, जिससे खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का बेहतर मंच मिलेगा। उन्होंने सभी पदाधिकारियों, जिलों से आए प्रतिनिधियों और सदस्यों का आभार व्यक्त किया। बैठक में राकेश शर्मा, मो. अकरम, प्रभात पांडेय, कमलेश कुमार पांडेय, मया राय, शिवानंद सिंह सहित विभिन्न जिलों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।(संवाद)