राजकीय इंटर कॉलेज से प्रवक्ता की प्री परीक्षा देकर बाहर निकलते परीक्षार्थी।
अयोध्या। जिले में रविवार को प्रवक्ता भर्ती परीक्षा कड़ी सुरक्षा और सघन निगरानी के बीच आयोजित की गई। इसमें 17 केंद्रों पर कुल 4095 अभ्यर्थी शामिल हुए। परीक्षा के लिए 6935 अभ्यर्थियों को शामिल होना था जिनमें 2840 अनुपस्थित रहे। जिला विद्यालय निरीक्षक के अनुसार परीक्षा में 59.05 फीसदी अभ्यर्थी उपस्थित और 40.95 फीसदी अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे।
परीक्षा सुबह 9:30 बजे से 11:30 बजे तक शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। परीक्षा को नकलविहीन और पारदर्शी बनाने के लिए प्रशासन ने व्यापक इंतजाम किए थे। केंद्रों के प्रवेश द्वारों पर पहचान पत्र और अन्य आवश्यक दस्तावेजों की गहन जांच की गई। सत्यापन के बाद ही अभ्यर्थियों को परीक्षा कक्षों में प्रवेश मिला। सुरक्षा मानकों के तहत केंद्रों के आसपास अनावश्यक भीड़ एकत्र होने पर रोक लगाई गई थी। सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों से लगातार नजर रखी गई। राजकीय इंटर कॉलेज से परीक्षा देकर निकले अभ्यर्थियों ने बताया कि हिंदी और संस्कृत के सवालों ने उलझाया। अन्य प्रश्न साधारण थे।