उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर द्वारा सपा के कुछ सांसदों के भाजपा के संपर्क में होने संबंधी बयान पर अयोध्या से सपा सांसद अवधेश प्रसाद ने तीखी प्रतिक्रिया दी है।
अवधेश प्रसाद ने तंज कसते हुए कहा कि सूप बोले सूप, चलनी बोले जिसमें 72 छेद हैं। उन्होंने कहा कि ओम प्रकाश राजभर की स्वयं की कोई राजनीतिक जमीन नहीं है और वे समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की कृपा से चुनाव जीतकर आए हैं।
सपा सांसद ने कहा कि उनका बेटा चुनाव लड़ा था और बुरी तरह हार गया। विधानसभा चुनाव में अब केवल 5-6 महीने का समय बचा है। चुनाव दिसंबर तक होने की संभावना जताई जा रही है। इसी वजह से कुछ लोग घबराए हुए हैं और परेशान हैं। उनका दिल और दिमाग ठीक से काम नहीं कर रहा है, इसलिए वे ऊल-जुलूल बातें कर रहे हैं।"
अवधेश प्रसाद ने आगे कहा कि संभवतः ओम प्रकाश राजभर ने टिकट को लेकर कई लोगों से वादे किए होंगे, जिसकी वजह से वे दबाव में हैं और ऐसे बयान दे रहे हैं।
उन्होंने समाजवादी पार्टी की एकजुटता पर जोर देते हुए कहा, "समाजवादी पार्टी चट्टान की तरह मजबूत और एकजुट है। यदि हिंदुस्तान में सबसे अधिक अनुशासित कोई पार्टी है, तो वह समाजवादी पार्टी है, जिसका नेतृत्व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव कर रहे हैं।