शराब के नशे में विवाद के दौरान पत्नी ने पति के सिर पर लकड़ी से वार कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। लंबे समय से घरेलू झगड़े होते थे। घटना के बाद पुलिस ने महिला को हिरासत में लिया। इस घटना से पूरा परिवार टूट गया और बच्चे सदमे में हैं।
मसौली के कुरथरा गांव में बुधवार दोपहर नशे में तोड़फोड़ कर रहे युवक के सिर पर पत्नी ने चूल्हे में प्रयोग किए जाने वाला चैला दे मारा। गहरी चोट लगने से युवक की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने महिला को हिरासत में ले लिया है। मृतक के पिता की तहरीर पर गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया गया है।
विज्ञापन
पुलिस के अनुसार मसौली की त्रिलोकपुर चौकी क्षेत्र के कुरथरा गांव निवासी सेवानिवृत्त शिक्षक रामकुमार का इकलौता पुत्र मोहित (32) अपनी पत्नी शिल्पी (31) और दो बच्चों के साथ रहता था। करीब 15 वर्ष पहले दोनों की शादी हुई थी। उनके 14 वर्षीय पुत्र अभय उर्फ गोलू और 10 वर्षीय पुत्री मिष्ठी हैं। पिछले कई साल से मोहित को शराब पीने की लत थी और वह अक्सर घर आकर विवाद करता था।
बुधवार सुबह करीब 11 बजे वह शराब पीकर घर पहुंचा और पत्नी से झगड़ा करने लगा। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और मोहित ने घर में तोड़फोड़ शुरू कर दी। इसी दौरान दोनों के बीच मारपीट होने लगी। मोहल्ले के लोग चीख पुकार सुनने के बाद इसे रोज का झगड़ा समझ बीच बचाव में नहीं गए। इस दौरान शिल्पी ने चूल्हे में इस्तेमाल होने वाली भारी लकड़ी उठाकर मोहित के सिर पर वार कर दिया।
विज्ञापन
कनपटी पर गंभीर चोट लगने से मोहित गिर पड़ा और कुछ ही देर में उसकी मौत हो गई। यह जानने के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और किसी काम से बाहर गए मोहित के पिता रामकुमार को सूचना दी। कुछ ही देर में पुलिस भी मौके पर पहुंच गई।
सीओ रामनगर गरिमा पंत ने फोरेंसिक टीम के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया। सीओ के मुताबिक पूछताछ में महिला ने बताया कि उसका पति आयेदिन शराब पीकर झगड़ा करता था। महिला ने बताया कि उसने बचाव में लकड़ी से वार किया, जो जानलेवा साबित हुआ।
शराब की लत में परिवार तबाह, बच्चे बदहवास
शराब की लत व घरेलू कलह ने पूरे परिवार को उजाड़ दिया। घटना के समय बेटा अभय गांव के बाहर किक्रेट खेल रहा था। बेटी मिष्ठी भी बाहर ही थी। पिता का खून से लथपथ शव देख दोनों बदहवास हो गए। गांव के लोगों के मुताबिक मोहित और शिल्पी के बीच अक्सर झगड़े होते थे और इसकी मुख्य वजह मोहित की शराब की लत थी। इस आदत ने एक परिवार को तबाह कर दिया।