29-रुदौली कोतवाली के अयोध्या-लखनऊ हाइवे पर हादसे के बाद क्षतिग्रस्त बस।-संवाद
भेलसर। अयोध्या-लखनऊ हाईवे पर रविवार की भोर में घना कोहरा जानलेवा साबित हुआ। रुदौली कोतवाली क्षेत्र के रौजागांव चीनी मिल कट के पास तेज रफ्तार डबल डेकर बस और खोई (बगास) लदे ट्रक के बीच आमने-सामने हुई भीषण टक्कर में बस सवार आधा दर्जन यात्री घायल हो गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया, जबकि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। टक्कर के बाद हाईवे पर मलबा फैलने से राष्ट्रीय राजमार्ग पर लंबा जाम लग गया, जिसमें सैकड़ों वाहन फंस गए थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार रविवार की सुबह घना कोहरा छाया हुआ था, जिसके चलते हाईवे पर दृश्यता बेहद कम थी। सड़क पर कुछ ही मीटर आगे तक दिखाई दे रही थी। इसी दौरान रौजागांव चीनी मिल से खोई लादकर निकल रहा ट्रक कोहरे के कारण सामने से आ रही डबल डेकर बस के सामने अचानक आ गया। बस चालक को ब्रेक लगाने या वाहन को नियंत्रित करने का मौका तक नहीं मिला और दोनों वाहनों में सीधी भिड़ंत हो गई। टक्कर के बाद बस में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई और हाईवे पर अफरातफरी का माहौल बन गया।
इस हादसे में बस सवार छह यात्री घायल हुए। घायलों की पहचान सोनी निगम (20), श्रीमती (25), साबरमती (24) (सभी निवासी खांनसा पहाड़पुर, अंबेडकर नगर), सुनील कुमार (28) (जयपुर), दीपेंद्र (21) और छितिजा भंडारी (काठमांडू, नेपाल) के रूप में हुई है। इनमें साबरमती, सुनील कुमार, दीपेंद्र और छितिजा भंडारी की हालत गंभीर बताई जा रही है।
तत्काल राहत एवं बचाव कार्य, यातायात बहाल
सूचना मिलते ही रुदौली कोतवाल संजय मौर्य और क्राइम इंस्पेक्टर शत्रुघ्न यादव भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की मदद से तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू कराया गया। सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रुदौली ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल चार यात्रियों को जिला अस्पताल अयोध्या रेफर कर दिया गया। दो अन्य को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। कोतवाल संजय मौर्य ने बताया कि प्रथम दृष्टया हादसे का कारण घना कोहरा और कम दृश्यता है। दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को क्रेन की मदद से हटवाकर यातायात बहाल करा दिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।