70-कचहरी बम धमाके की बरसी पर मृतकों को श्रद्धांजलि अर्पित करते अधिवक्ता।-संवाद
अयोध्या। बार एसोसिएशन अयोध्या की ओर से सोमवार को कचहरी सीरियल बम ब्लास्ट की 19वीं बरसी पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। सभा शहीद स्थल, शेड नंबर चार पर हुई। इस दौरान अधिवक्ताओं ने नम आंखों से मृतकों को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस अवसर पर अधिवक्ता राधिका प्रसाद मिश्र, फागू राम, वादकारी केसरी और स्टाम्प वेंडर ओम प्रकाश पांडेय को श्रद्धांजलि दी गई। मृतकों की आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखा गया। इस मौके पर अधिवक्ता संघ अध्यक्ष कालिका प्रसाद मिश्रा, संयुक्त मंत्री पीयूषमय त्रिपाठी, पूर्व अध्यक्ष अरविंद सिंह, सूर्य नारायण सिंह, पूर्व मंत्री आलोक खरे, अजय दुबे आदि ने श्रद्धा सुमन अर्पित किए।
इनसेट
सुरक्षा व्यवस्था में लगती रही सेंध
23 नवंबर 2007 को दिनदहाड़े हुए इस बम ब्लास्ट में चार लोगों की मौत हो गई थी। तत्कालीन मंत्री मंसूर इलाही ने अज्ञात हत्यारों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। अधिवक्ता राम लक्ष्मण तिवारी ने बताया कि विस्फोट के बाद चारों ओर धुआं ही धुआं फैल गया था। दूसरा बम विस्फोट दोपहर डेढ़ बजे एक साइकिल में रखे झोले में हुआ था।
फैजाबाद, वाराणसी और लखनऊ की कचहरियों में हुए सीरियल बम ब्लास्ट के 19 वर्ष पूरे हो चुके हैं। इसके बावजूद कचहरी की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठते रहे हैं। सुरक्षा में लगे पांच मेटल डिटेक्टरों में से केवल एक ही ठीक से काम करता है। न्यायालय परिसर में हाई फ्रीक्वेंसी कैमरे लगे हैं, लेकिन कलेक्ट्रेट की ओर लगे कैमरे भरोसेमंद नहीं हैं।
छह सितंबर 2025 को पुलिस को एक लावारिस झोले में दो तमंचे और कारतूस मिले थे। इस मामले की जांच अभी जारी है।