अयोध्या। मिल्कीपुर के कुचेरा बाजार में सील होने के बाद भी चिकित्सा केंद्र का संचालन किया जा रहा था। शिकायत पर पहुंचे जांच टीम ने केंद्र को फिर से सील कर दिया और क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी को पत्र लिखकर कार्रवाई की अपेक्षा की गई है। वहीं, संचालक ने जांच टीम पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी को लिखे पत्र में सीएमओ डॉ. सुशील कुमार बानियान ने बताया कि अवध चिकित्सा केंद्र में अनधिकृत रूप से गर्भपात कराने की शिकायत मिली थी। छह दिसंबर को डिप्टी सीएमओ डॉ. राजेश चौधरी के नेतृत्व में टीम ने केंद्र की जांच की थी। इस दौरान कई खामियां मिलने पर केंद्र को सील कर दिया गया था। 10 दिसंबर को दोबारा शिकायत मिली की सील केंद्र पर इलाज किया जा रहा है। इस पर सीएचसी मिल्कीपुर के अधीक्षक को जांच के लिए भेजा गया। इस दौरान यहां मरीजों की भीड़ मिली। इस पर केंद्र को दोबारा सील कर दिया गया। उधर, केंद्र संचालक डॉ. अरविंद खरे ने जांच टीम पर गंभीर आरोप लगाए हैं। कहा कि आयुर्वेदिक क्लीनिक को सील करने का अधिकार डिप्टी सीएमओ को नहीं है। इसके लिए जिलाधिकारी की अध्यक्षता में कमेटी बनी है। उन्हें इसका नोटिस देना था। उन्होंने 25 हजार रुपये रिश्वत मांगने का भी आरोप लगाया है।