अयोध्या। यूपी बोर्ड परीक्षाओं से पहले परीक्षा केंद्र निर्धारण से जुड़ी सभी 121 आपत्तियों का निस्तारण कर दिया गया है। केंद्र निर्धारण प्रक्रिया के दौरान कई विद्यालयों ने क्षमता, दूरस्थ केंद्र आवंटन और केंद्र सूची में नाम न होने जैसे मुद्दों पर आपत्तियां दर्ज कराई थीं। तहसील स्तरीय जांच और जिला समिति की समीक्षा के बाद इन सभी आपत्तियों पर निर्णय लेते हुए अंतिम प्रस्तावित सूची में संशोधन किया गया है।
जिला समिति ने आपत्तियों की जांच के आधार पर चार नए परीक्षा केंद्र बढ़ाने की मंजूरी दी है। इसके साथ ही जिले में परीक्षा केंद्रों की संख्या 109 से बढ़कर 113 हो गई है। जिले में इस वर्ष कक्षा 10 में बालक वर्ग के 20,111 और बालिका वर्ग में 19,735 (कुल 39,846) और कक्षा 12 में बालक वर्ग के 18,819 और बालिका वर्ग 18,913 (कुल 37,732) विद्यार्थी शामिल होंगे। वहीं, 18 फरवरी से शुरू होकर 12 मार्च तक बोर्ड परीक्षा दो पालियों में संपन्न होगी। पहली पाली सुबह 8.30 से 11.45 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 2.00 से शाम 5.15 बजे तक चलेगी।
डीआईओएस डॉ. पवन तिवारी ने बताया कि सभी आपत्तियों का निस्तारण समय सीमा के भीतर कर लिया गया है। अब केंद्र निर्धारण की संशोधित जानकारी 17 दिसंबर तक परिषद की वेबसाइट पर अपलोड की जाएगी, और 30 दिसंबर को परीक्षा केंद्रों की अंतिम सूची जारी होगी।