23- देवकाली बाईपास के नीचे सोमवार को लगे घंटों जाम में फंसे रहे लोग - संवाद
अयोध्या। देवकाली बाईपास के पास सोमवार को सुबह घंटों तक भीषण जाम लगा रहा, जिससे राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। सुबह से ही मार्ग पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे आवागमन पूरी तरह ठप हो गया। जाम के कारण स्कूल जाने वाली बसें समय पर नहीं पहुंच सकीं, वहीं ऑफिस जाने वाले कर्मचारी भी देरी से अपने कार्यस्थलों पर पहुंचे। जाम में फंसी शिवांगी तिवारी ने कहा कि देवकाली बाईपास पर जाम की समस्या कोई नई नहीं है। यहां आए दिन जाम लगता रहता है। इसके बावजूद यातायात व्यवस्था में कोई ठोस सुधार नहीं किया जा रहा। संकरे मार्ग, बेतरतीब खड़े वाहन और ट्रैफिक पुलिस की कमी के कारण हालात और भी बिगड़ जाते हैं।
जाम में फंसे अमित सोनी, सुनीता वर्मा व सुमन ने कहा कि एंबुलेंस और अन्य आवश्यक सेवाओं के वाहनों को भी निकलने में काफी दिक्कत हुई। बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को घंटों गाड़ियों में बैठे रहना पड़ा। कई दोपहिया वाहन चालक तो मजबूरी में गलत दिशा से निकलने का प्रयास करते नजर आए, जिससे दुर्घटना की आशंका और बढ़ गई।