10-अवध इंटरनेशनल स्कूल में आयोजित खो खो प्रतियोगिता में मौजूद खिलाड़ी। -संवाद
अयोध्या। अवध इंटरनेशनल स्कूल में चल रही पांच दिवसीय राष्ट्रीय स्तर की खो-खो प्रतियोगिता में शुक्रवार को 14, 17 और 19 वर्ष आयु वर्ग के मुकाबले हुए। इनमें देश-विदेश से आईं 24 टीमों ने क्वार्टर फाइनल तक अपनी जगह बनाई। इन टीमों में कर्नाटक, तमिलनाडु, केरल, हरियाणा, राजस्थान, मध्य प्रदेश, दिल्ली, असम, महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश सहित कई राज्यों की टीमें शामिल रहीं। वहीं शारजाह और ओमान की टीमों ने भी खेल का प्रदर्शन किया।
चौथे दिन खेले गए 34 मैचों में रोमांच चरम पर रहा। 14 वर्ष आयु वर्ग में हार्टफुलनेस इंटरनेशनल स्कूल तमिलनाडु, चित्रकूटा स्कूल कर्नाटक, श्री बृजलाल यादव स्मारक स्कूल रायबरेली, दि सिका सीनियर सेकेंड्री स्कूल इंदौर, व्यासा विद्यापीठम केरल, विवेकानंद केंद्र विद्यालय असम, एलडीआर पब्लिक स्कूल पंजाब और महेश्वरी पब्लिक स्कूल जयपुर की टीम विजयी रही।
17 वर्ष वर्ग में हार्टफुलनेस इंटरनेशनल स्कूल तमिलनाडु, श्री नारायण पब्लिक स्कूल केरल, श्री प्रकाश विद्या निकेतन आंध्र प्रदेश और श्री महावीर इंटरनेशनल स्कूल जयपुर ने अपने-अपने मुकाबले जीते। वहीं 19 वर्ष आयु वर्ग में सेंट जेवियर्स हाई स्कूल ओडिशा, आवर ओन इंग्लिश हाई स्कूल शारजाह, ब्लाॅसम इंटरनेशनल स्कूल महाराष्ट्र, होली कृष्णा कॉलेज उत्तराखंड और नरांचल स्कूल हरियाणा ने जीत दर्ज की। विजेता और उपविजेता के खिताबी मुकाबले शनिवार को खेले जाएंगे। इसके बाद समापन समारोह में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली टीमों को सम्मानित किया जाएगा। विद्यालय के अध्यक्ष शांतनु सिंह ने बताया कि शनिवार को समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में खेल एवं युवा कल्याण मंत्री गिरीश चंद्र यादव, विशिष्ट अतिथि के रूप में महापौर गिरीशपति त्रिपाठी, रायबरेली की विधायक अदिति सिंह और राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा यादव मौजूद रहेंगी।