मिल्कीपुर। सीएचसी में स्वस्थ नारी-सशक्त परिवार कार्यक्रम के तहत शुक्रवार को आयोजित विशेष शिविर में विशेषज्ञ डॉक्टरों के न पहुंचने से अभियान खानापूर्ति तक सीमित रहा। नियमित डाॅक्टरों की ओर से ही शिविर में आए मरीजों का परीक्षण और इलाज किया गया।
महिला सशक्तीकरण के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में आयोजित विशेष चिकित्सा व जांच शिविर में क्षेत्र के 230 मरीजों ने पंजीकरण कराया। इनका परीक्षण व उपचार स्वास्थ्य केंद्र में कार्यरत अधीक्षक डॉ. आनंद सिन्हा, डॉ. गुंजन यादव, डॉ. गया प्रसाद व डॉ. अवनीश तिवारी ने किया। शिविर में विशेषज्ञ डाक्टरों की ड्यूटी लगाई गई थी। इनमें श्रीराम चिकित्सालय के हड्डी रोग विशेषज्ञ अविनाश द्विवेदी, जिला चिकित्सालय के मानसिक रोग विशेषज्ञ शिशिर वर्मा, सीएचसी सोहावल के नेत्र रोग विशेषज्ञ डाॅ. प्रदीप तिवारी, मेडिकल काॅलेज के डाॅ. आकाश गुप्त व संयुक्त चिकित्सालय कुमारगंज के डॉ. अमित राय शामिल थे। इनमें से किसी डॉक्टर के शिविर में न पहुंचने से उद्देश्य अधूरा रह गया।
सीएचसी अधीक्षक डॉ. आनंद सिन्हा ने बताया कि विशेषज्ञ डाक्टरों के शिविर में न पहुंचने से मरीजों की जांच व उपचार नहीं हो सका। सीएचसी के कार्यरत डाक्टरों ने आए हुए मरीजों का परीक्षण व उपचार किया। इस दौरान मिल्कीपुर विधायक के प्रतिनिधि के रूप में जिला पंचायत सदस्य अशोक मिश्र, भाजपा के मंडल अध्यक्ष श्याम नारायण पाठक सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।