अयोध्या। अयोध्या विकास प्राधिकरण की शहर की जलनिकासी व्यवस्था को दुरुस्त करने वाली महत्वपूर्ण तेलई नाला परियोजना तय समयसीमा बीतने के करीब आठ महीने बाद भी अधूरी है। 29.81 करोड़ रुपये की इस परियोजना पर 23.78 करोड़ रुपये का भुगतान किया जा चुका है, जबकि 18.38 करोड़ रुपये खर्च हो चुका हो। इसके बावजूद नाले का निर्माण कार्य अब तक पूरा नहीं हो सका है।
परियोजना के तहत मणिराम छावनी से एयरपोर्ट तक आबादी वाले क्षेत्र में 4112 मीटर लंबे नाले का निर्माण कराया जाना है। कार्यदायी संस्था आर एंड सी इंफ्रा इंजीनियर प्राइवेट लिमिटेड के अनुसार अब तक 3980 मीटर निर्माण किया जा चुका है।
यह परियोजना 15 नवंबर 2024 से 14 नवंबर 2025 तक पूरी होनी थी लेकिन समयसीमा समाप्त होने के बाद भी निर्माण पूरा नहीं हो सका है। इसका सीधा असर उन घनी आबादी वाले इलाकों पर पड़ रहा है, जहां बारिश के दौरान जलभराव की समस्या बनी रहती है। परियोजना पूरी होने पर हजारों लोगों को राहत मिलने की उम्मीद थी, लेकिन देरी के कारण उन्हें अब भी इंतजार करना पड़ रहा है।
एडीए की यह परियोजना शहर की प्रमुख जलनिकासी योजनाओं में शामिल है। इसके बावजूद निर्माण कार्य निर्धारित समय में पूरा न होना कार्यदायी संस्था की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर रहा है।
शेष कार्य जल्द पूरा कराने के निर्देश
एडीए सचिव राजेश कुमार मिश्रा ने बताया कि तेलई नाला परियोजना का अधिकांश कार्य पूरा हो चुका है। शेष निर्माण को शीघ्र पूरा कराने के लिए कार्यदायी संस्था को निर्देश दिए गए हैं। परियोजना की नियमित समीक्षा की जा रही है। बचा हुआ कार्य प्राथमिकता के आधार पर जल्द पूरा कराया जाएगा, जिससे लोगों को जलनिकासी की बेहतर सुविधा मिल सके।