अयोध्या। कोतवाली नगर पुलिस ने चोरी की वारदात का खुलासा करते हुए तीन चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार ये घरों का ताला तोड़कर उनमें चोरी और लूटपाट करते थे। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी के कीमती सामान बरामद किए हैं।
नगर कोतवाली में आयोजित प्रेसवार्ता में सीओ सिटी श्रीयश त्रिपाठी ने बताया कि नगर में बीते दिनों चोरी के दो मामले में दर्ज हुए थे। इनकी छानबीन की जा रही थी। इस दौरान पूराकलंदर के खानपुर मसौधा निवासी शिवम गौड़, सहादतगंज के गायत्री नगर निवासी हिमांशू गौड़ और खोजनपुर अमौना निवासी अनुराग यादव का नाम सामने आया। बृहस्पतिवार की भोर में 04:55 बजे दोनों आरोपियों को पोस्टमार्टम हाउस से रेलवे स्टेशन रोड पर गिरफ्तार किया गया।
चोरों के कब्जे से बाइक, ई-रिक्शा, सोने-चांदी के जेवर, 12 हजार रुपये नकद, तांबे के तार, ड्रिल मशीन, समरसेबल मोटर, इलेक्ट्रिक मोटर, एलईडी टीवी, डीवीआर, रसोई गैस सिलिंडर आदि सामान बरामद हुए हैं। बरामद सामान हाल में हुई चोरी की घटनाओं से जुड़ा है। कोतवाल मनोज शर्मा ने बताया कि मुख्य आरोपी शिवम गौड़ के खिलाफ कोतवाली नगर और कैंट थानों में चोरी, सेंधमारी, डकैती की तैयारी, आर्म्स एक्ट सहित 11 मामले पहले से दर्ज हैं। हिमांशू गौड़ पर आठ व अनुराग यादव पर पांच मामले दर्ज हैं।