भेलसर। रुदौली नगर के मोहल्ला मलिकजादा में शनिवार दोपहर लगभग तीन बजे एक घर में चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया। घटना के समय घर में केवल 16 वर्षीय किशोरी मौजूद थी। चोरी का विरोध करने पर बदमाशों ने उस पर कांच की बोतल से हमला कर दिया। इससे वह बेहोश हो गई। उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मोहल्ले के मोहम्मद शोएब सऊदी अरब में नौकरी करते हैं। उनकी पत्नी अपने बीमार पिता को देखने के लिए मवई के काजीपुर गई हुई थीं। घर की दूसरी मंजिल पर प्लास्टर का काम चल रहा था। इसी दौरान दोपहर तीन बजे के आसपास अज्ञात चोर घर में घुस आए। जब किशोरी ने चोरों को सोने-चांदी के आभूषणों के साथ-साथ 45 हजार रुपये नकद चोरी करते देखा तो शोर मचाना शुरू कर दिया। इस पर चोरों ने किशोरी पर कांच की बोतल से वार कर दिया। गंभीर चोट आने से किशोरी बेहोशी की हालत में पहुंच गई तभी चोर मौके से फरार हो गए। घंटों बाद होश में आने पर किशोरी ने पूरी घटना बताई। मकान मालिक की ओर से पुलिस को तहरीर दी गई है। कोतवाल संजय मौर्य ने बताया कि जांच की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं, जिससे आरोपियों की पहचान की जा सके।