अयोध्या। शहर के नाका क्षेत्र में ब्यूटी पार्लर चलाने वाली एक महिला की सोशल मीडिया आईडी हैक करके अभद्र टिप्पणी व पोस्ट करने के मामले में पुलिस ने केस दर्ज किया है। नगर कोतवाली में दर्ज एफआईआर में पीड़ित महिला ने बताया कि उन्होंने बिजनेस के प्रमोशन के लिए श्रुति अरोड़ा नामक प्रमोटर से 26 अगस्त को संपर्क किया था।
उन्होंने इसकी एक रील सोशल मीडिया पर पोस्ट की थी। अगले दिन अमित नामक एक आईडी से उनके व्यक्तिगत जीवन को लेकर अभद्र और अपमानजनक टिप्पणी की गई। जानकारी होने पर उन्होंने 29 अगस्त को 1090 पर कॉल करके शिकायत दर्ज कराई। इसके बावजूद आरोपी लगातार अपमानजनक और अभद्र टिप्पणी व पोस्ट कर रहा है। इससे उन्हें शारीरिक और मानसिक प्रताड़ना झेलनी पड़ रही है। साथ ही उनका व्यापार भी प्रभावित हो रहा है। इंस्पेक्टर अश्विनी पांडेय ने बताया कि केस दर्ज करके मामले की छानबीन कराई जा रही है।