अयोध्या। पैसे के लेनदेन में लखनऊ निवासी साहिल की हत्या उसके पांच साथियों ने डंडे से पीट-पीटकर की थी। बाद में तीन लोगों ने उसका शव रौनाही क्षेत्र के जगनपुर के पास 14 जून को फेंक दिया था। अयोध्या पुलिस ने घटना का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। दो आरोपियों की तलाश में टीम लगाई गई है।
बुधवार को पुलिस लाइन सभागार में आयोजित प्रेसवार्ता में एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर ने बताया कि 14 जून को रौनाही के जगनपुर के पास एक अज्ञात युवक की लाश मिली थी। काफी प्रयास के बाद युवक की पहचान लखनऊ के मड़ियांव क्षेत्र के ताड़ीखाना, पल्टन छावनी कटरा निवासी साहिल के रूप में हुई थी। मृतक के भाई आमिर ने शव की पहचान की तो पोस्टमार्टम कराया गया। पीएम रिपोर्ट से हत्या स्पष्ट हुई तो मामले की जांच के लिए पुलिस और सर्विलांस की टीम लगाई गई थी।
जांच में पता चला कि मृतक साहिल की लखनऊ के मड़ियांव निवासी अश्विनी सिंह उर्फ मिर्ची, मड़ियांव के पल्टन छावनी निवासी नसीम, लखनऊ के हुसैनाबाद निवासी आकिब, हेमराज व साकिब से जान-पहचान थी। 13 जून को सभी लोग अश्विनी सिंह के घर में इकट्ठा थे। सभी ने साथ बैठकर शराब पी और पैसे के लेनदेन को लेकर उनमें विवाद होने लगा।
विवाद बढ़ा तो पांचों लोगों ने मिलकर साहिल की डंडे से पीटकर हत्या कर दी। इसका वीडियो भी बनाया। अत्यधिक रक्तस्राव होने के कारण साहिल की मौत हो गई। इसके बाद सभी ने मिलकर शव को अश्विनी की कार में रखा। बाद में हेमराज और साकिब ने रौनाही क्षेत्र में लाकर फेंक दिया। एसएसपी ने बताया कि आरोपी अश्विनी, नसीम और आकिब को बेगमगंज जाने वाले मार्ग के पास से गिरफ्तार किया गया है। उनकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त कार, खून से सना डंडा, घटना के समय पहनी टीशर्ट आदि बरामद किया गया है। प्रेसवार्ता में एसपी ग्रामीण बलवंत चौधरी, सीओ सदर योगेंद्र कुमार, एसओजी प्रभारी अमरेश त्रिपाठी आदि मौजूद रहे।