14- तेजी से चल रहा बिल्वहरि घाट बंधे के चौड़ीकरण का काम- संवाद
अयोध्या। रामनगरी की कनेक्टिविटी चारों दिशाओं से बेहतर हो रही है। ओवरब्रिज व सड़कों का जाल बिछ रहा है। वहीं बिल्हर घाट बंधे के चौड़ीकरण का काम भी तेजी से हो रहा है। अब तक 75 फीसदी काम पूरा हो चुका है। यह बंधा मार्च तक आवागमन के लिए खुल जाएगा। इससे सरयू तट व अयोध्या धाम बस स्टेशन पहुंचने की राह आसान हो जाएगी। भीड़ नियंत्रण में भी यह उपयोगी होगा।
बिल्हर घाट बंधा प्रमुख तीर्थ स्थलों में से एक है, अब और भी भव्य और सुगम बनने जा रहा है। परियोजना के तहत 15.39 किलोमीटर लंबे मार्ग का चौड़ीकरण और सुंदरीकरण किया जा रहा है। इस मार्ग का महत्व इसलिए भी है क्योंकि यह अयोध्या को अन्य प्रमुख स्थानों से जोड़ता है और श्रद्धालुओं के लिए सुगम आवागमन सुनिश्चित करता है। सुंदरीकरण के तहत सड़कों का चौड़ीकरण, आकर्षक स्ट्रीट लाइट्स, हरियाली, पैदल पथ और साइनेज बोर्ड जैसी सुविधाएं शामिल हैं। यह मार्ग अयोध्या धाम बस अड्डे के निकट से होते हुए दशरथ समाधि स्थल पूरा बाजार तक जाएगा। मार्ग के आसपास के क्षेत्रों को पर्यटन की दृष्टि से और आकर्षक बनाने की योजना है।
लोक निर्माण विभाग प्रांतीय खंड के अधिशासी अभियंता एसपी भारती ने बताया कि 75 फीसदी काम पूरा हो चुका है। मार्च तक बंधा आवागमन के लिए खोल दिया जाएगा। इस प्रोजेक्ट का उद्देश्य न केवल यातायात को सुगम बनाना है, बल्कि अयोध्या को एक विश्वस्तरीय धार्मिक और सांस्कृतिक पर्यटन स्थल के रूप में स्थापित करना भी है।