अयोध्या। स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के तत्वावधान में राष्ट्रीय विद्यालयी खो-खो अंडर-17 बालक एवं बालिका प्रतियोगिता का आयोजन अयोध्या में 20 से 24 दिसंबर तक किया जाएगा। पांच दिवसीय प्रतियोगिता में देशभर से प्रतिभागी टीमें खिताब के लिए दमखम दिखाएंगी। प्रतियोगिता का उद्घाटन जीआईसी के खेल मैदान में होगा।
उद्घाटन समारोह में खो-खो खेल में अर्जुन अवॉर्ड से सम्मानित अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी सारिका फूले मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगी। आयोजन को लेकर आयुक्त सभागार में मंडलायुक्त राजेश कुमार ने ट्राॅफी का अनावरण किया।
इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में आंध्र प्रदेश, अरुणाचल प्रदेश, असम, बिहार, चंडीगढ़, छत्तीसगढ़, दिल्ली, गुजरात, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश की कुल 68 टीमें भाग लेंगी। प्रतियोगिता में लगभग 830 खिलाड़ी, 320 प्रशिक्षक व मैनेजर सहित कुल 1150 प्रतिभागी शामिल होंगे। कमिश्नर राजेश कुमार ने कहा कि यह गर्व का विषय है कि राष्ट्रीय विद्यालयी खो-खो प्रतियोगिता दूसरी बार रामनगरी में आयोजित हो रही है। आयोजन सचिव एवं संयुक्त शिक्षा निदेशक योगेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि प्रतियोगिता में पहली बार निर्णय के लिए इलेक्ट्रॉनिक एवं आईटी टूल्स का प्रयोग किया जाएगा।
इससे खेल के दौरान किसी भी विवाद की स्थिति में वीडियो रीप्ले के माध्यम से निष्पक्ष निर्णय लिया जा सकेगा। इस दौरान डीआईओएस डॉ.पवन तिवारी, राजेश सिंह, धमेंद्र सिंह आदि मौजूद रहे। आयोजन को लेकर पहुंचने लगी टीमें
आयोजन में प्रतिभाग करने के लिए शुक्रवार से ही टीमें पहुंचने लगी। क्रीड़ा समिति के मंडलीय सचिव धमेंद्र सिंह ने बताया कि टीमों के ठहरने की व्यवस्था की गई है। जीआईसी में खेल मैदान पूरी तरीके से तैयार हो गया है। खिलाड़ियों को किसी प्रकार की दिक्कत न हो इसका विशेष ध्यान रखा जा रहा है।