अयोध्या। नगर निगम ने कर वसूली के लिए बुधवार को कुर्की की कार्रवाई के तहत तीन दुकानें सील कीं। आरोप है कि इस दौरान टीम ने दुकान में सो रही एक बच्ची को भी बंद कर दिया। हालांकि, अपर नगर आयुक्त सुमित कुमार का कहना है कि दुकान आगे से सील है। इसी दुकान में परिवार के लोग रहते हैं। पीछे से रास्ता है जिसका लोग आने-जाने के लिए इस्तेमाल करते हैं। सूचना मिलने के बाद मौके पर टीम भेजी गई है ताकि वस्तुस्थिति का पता लगाया जा सके।
बुधवार की देर शाम दुकान में रहने वाली प्रियंका व सरोज ने वायरल वीडियो में बताया कि नगर निगम ने बिना नोटिस दिए कुर्की की कार्रवाई कर दी। कहा कि टीम के साथ आई महिला पुलिस ने उन्हें बाहर कर दिया, लेकिन एक बच्ची सोती रह गई। वीडियो में दुकान में बंद एक बच्ची छत पर खड़ी दिख रही है। इन दोनों ने कहा कि ठंड के दिन में दुकान का ताला खोल दिया जाए ताकि वह लोग अंदर जा सकें।
उधर, नगर निगम ने कर वसूली में तेजी लाने के लिए बुधवार को कुर्की की कार्रवाई की। अपर नगर आयुक्त सुमित कुमार के निर्देश पर कुर्की की कार्रवाई की गई, जिसके तहत तीन दुकानें सील की गईं। अपर नगर आयुक्त ने बताया कि फतेहगंज के बेचन राम एवं वासुदेव पर लगभग ढाई लाख रुपये गृह कर एवं जलकर बकाया था, जिसकी वसूली के लिए उनके खिलाफ कुर्की की कार्रवाई कर अधीक्षक जयप्रकाश एवं विनय कुमार के नेतृत्व में की गई। उन्होंने लोगों से समय से गृह कर एवं जलकर जमा कर नोड्यूज प्रमाण पत्र प्राप्त करने का आग्रह किया है।