03- राम मंदिर में स्थापित किए गए म्यूरल्स- ट्रस्ट
अयोध्या। श्रीराम मंदिर परिसर के लोअर प्लिंथ में 85 थ्री डी म्यूरल लगाने का काम पूरा हो गया है। इन भव्य म्यूरल्स के माध्यम से रामकथा के विविध प्रसंगों को जीवंत रूप में उकेरा गया है, जिससे श्रद्धालुओं को दर्शन के साथ-साथ रामायण का सजीव अनुभव भी मिलेगा। म्यूरल्य की ड्राइंग और पटकथा प्रसिद्ध चित्रकार वासुदेव कामत ने तय की थी।
उनकी कलात्मक दृष्टि के अनुरूप प्रत्येक दृश्य को थ्रीडी शैली में विकसित किया गया है, जिससे प्रसंगों की भाव-भंगिमा और आध्यात्मिक गहराई स्पष्ट झलकती है। राम मंदिर के स्तंभों से लेकर लोअर प्लिंथ तक अलग-अलग भित्ति चित्रों का निर्माण कर मंदिर के स्थापत्य कला का सौंदर्य बढ़ाने की योजना का काम अंतिम चरण में पहुंच चुका है। इसी कड़ी में लोअर प्लिंथ पर भगवान राम के यात्रा वृतांत को लेकर रामायण के चयनित अलग-अलग प्रसंगों से संबंधित मूर्तियों का एपिसोड (कथानक) के रूप में निर्माण ही नहीं कराया गया बल्कि उनको लगाने का काम भी पूरा हो गया है। इनकी संख्या करीब 85 है। रामलला के दर्शनार्थियों को यह म्यूरल्स खूब आकर्षित कर रहे हैं।
पत्थरों पर उत्कीर्ण इन मूर्तियों के कथानक का परिचय देने वाली श्रीराम चरित मानस की चौपाइयां व हिंदी चौपाई के भावार्थ के अलावा अंग्रेजी अनुवाद को भी लगाने का काम चल रहा है। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के सदस्य डॉ. अनिल मिश्र ने बताया कि इन थ्रीडी मूर्तियों को स्थापित करने के पीछे स्थापत्य शैली की सुंदरता को बढ़ाने के अलावा देश भर से राम मंदिर आने वाले युवाओं को राम, रामायण व संस्कृति को जानने-समझने का अवसर मिले। चौपाइयों का अंग्रेजी अनुवाद भी कराकर यहां लगाया जा रहा है।
इनसेट
प्रेरक प्रसंग की थ्री डी मूर्तियां भी लगाई गईं
इसी तरह राम मंदिर के आठ एकड़ में बने परकोटे में भी स्थान का चयन कर रामायण के अलग-अलग प्रसंगों के अलावा देश के महापुरुषों से संबंधित प्रेरक प्रसंग की थ्री डी मूर्तियों को लगवाया गया है। यह सभी मूर्तियां छह गुणा चार फिट के लंबे-चौड़े तांबे की प्लेटों पर उत्कीर्ण की गई हैं। इन्हें भी लगाने का काम पूरा हो चुका है। इन प्रसंगों में राम के जीवन पर प्रभाव डालने वाले महापुरुषों की भी मूर्तियां उकेरी गई हैं। इसके अलावा रामकथा के विभिन्न प्रसंग बेहद ही आकर्षक ढंग से उकेरे गए हैं।