अयोध्या। बंगाल की खाड़ी से उठे चक्रवाती तूफान मोंथा ने मौसम के मिजाज को पूरी तरह से बदल कर रख दिया। अलग-अलग इलाकों में 10 से 20 मिमी तक बारिश हुई। इसके चलते तापमान में इस सीजन की अब तक की सबसे बड़ी गिरावट आई। ऐसे में ठंड में भी इजाफा हो गया। शुक्रवार से मोंथा का प्रभाव मद्धिम पड़ने के आसार हैं।
बुधवार रात 1.30 बजे से शुरू हुआ बारिश का दौर बृहस्पतिवार को पूरे दिन और फिर रात तक जारी रहा। कभी अनवरत तो कभी थोड़े ठहराव के साथ हल्की से मध्यम बारिश और बूंदाबांदी का दौर जारी रहा। इसके चलते आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हआ। कई निचले इलाकों में लोगों को जलभराव की समस्या का भी सामना करना पड़ा। शहर के मुख्य मार्गों और गलियों में आवागमन पर भी असर पड़ा।
बृहस्पतिवार को सुबह लोग सोकर उठे तो आसमान में घने बादल छाए रहने के साथ बारिश का दौर जारी था। वैसे भी पिछले कुछ दिनों से धूप के दर्शन नहीं हो पा रहे थे। रिमझिम फुहारों के बीच तापमान में गिरावट बरकरार थी। इस बीच कई घंटों की अनवरत बारिश से अधिकतम तापमान एक दिन पहले की अपेक्षा तीन डिग्री और सामान्य से 4.5 डिग्री कम होने के साथ 26 पर पहुंच गया। जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य से 1.5 डिग्री अधिक 18.5 रहा। यह भी एक दिन पहले की तुलना में 2.5 डिग्री कम रहा। इसके पहले सोमवार को अधिकतम तापमान सामान्य से चार डिग्री कम 27 पर पहुंचा था।
रेनकोट के साथ लोगों को गर्म कपड़े भी निकालने पड़े
अधिकतम तापमान में आई इस गिरावट के चलते ठंड में और इजाफा हो गया। बारिश से बचने के लिए रेनकोट तो ठंड से बचाव के लिए लोगों ने गर्म कपड़े निकाल लिए। मौसम में बदलाव को लेकर आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय के मौसम विज्ञान विभागाध्यक्ष प्रो. सीताराम मिश्र ने बताया कि मोंथा के प्रभाव के चलते हो रही बारिश का दौर शुक्रवार से धीमा पड़ सकता है। हालांकि, कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है। इसके बावजूद बादलों के चलते तापमान में गिरावट बरकरार रहेगी। शनिवार को धूप निकलने की उम्मीद है। इसके बाद अधिकतम तापमान बढ़ सकता है लेकिन न्यूनतम तापमान में गिरावट आएगी।
इनसेट
धान व गन्ने को नुकसान, बचाव के इंतजाम करें किसान
अयोध्या। हवाओं के साथ कई घंटे की अनवरत बारिश से धान की तैयार फसल को सबसे ज्यादा नुकसान हुआ है। खेतों में धान के पौधे गिर गए हैं। इसी तरह गन्ने की फसल को भी नुकसान पहुंचा है। दलहन और तिलहन फसलों की बोआई भी एक सप्ताह लेट हो जाएगी। आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय के वरिष्ठ कृषि वैज्ञानिक डॉ. वीपी शाही ने बताया कि धान की फसल खेतों में गिरने से उसमें जमाव हो जाएगा। इसलिए किसान बारिश बंद होने के बाद तत्काल कटाई कर सूखे स्थान पर रख लें। गिरे हुए गन्ने को उठा कर बंधाई करा दें। कद्दूवर्गीय सब्जियों के साथ अगेती फूलगोभी, टमाटर, बैगन व मिर्च समेत अन्य सब्जियों के खेतों में पानी भर गया है। इससे नुकसान हो सकता है। किसान तत्काल जल निकासी की व्यवस्था करें।