अयोध्या। अगली गर्मी में बेहतर बिजली आपूर्ति के लिए बिजली निगम ने अभी से तैयारी शुरू कर दी है। शहरी इलाकों में पांच करोड़ रुपये से बिजली की दशा सुधारी जाएगी। इसके लिए बिजनेस प्लान के तहत प्रस्ताव भेजा गया है।
शहर के 15 बिजलीघरों से लगभग 90 हजार बिजली उपभोक्ता जुड़े हैं। राम मंदिर बनने के बाद से ही इन बिजलीघरों पर भार लगातार बढ़ रहा है। कई केंद्र तो अतिभारित चल रहे हैं, जिसकी वजह से सुचारु रूप से बिजली आपूर्ति चुनौतीपूर्ण हो रही है। अधिक गर्मी होने पर लो वोल्टेज, ट्रिपिंग व अन्य तमाम समस्याओं से उपभोक्ताओं को जूझना पड़ता है। इससे राहत के लिए मौजूदा वर्ष में बिजली निगम ने कई विकास कार्य किए हैं, जिनका लाभ मिल रहा है।
अब वर्ष 2026-27 के कार्यों का प्रस्ताव तैयार किया गया है। इसके अनुसार 33 केवी उपकेंद्र मुमताजनगर, देवकाली, निर्मोचनघाट और सिविल लाइन का विभाजन करके भार घटाया जाएगा। अमानीगंज बिजली उपकेंद्र पर लगे पांच एमवीए के ट्रांसफार्मर की क्षमता बढ़ाकर दोगुना की जाएगी। अन्य उपकेंद्रों से जुड़े लगभग 10 ट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़ाई जाएगी।
अधिशासी अभियंता मनीष चौबे ने बताया कि बिजनेस प्लान के तहत कई महत्वपूर्ण कार्य प्रस्तावित हैं। स्वीकृति मिलते ही इन्हें शुरू कराया जाएगा, जिससे अयोध्या धाम में सुगम व सुलभ बिजली आपूर्ति की जा सकेगी। उपभोक्ताओं से अपील है कि समय पर बिजली बिल जमा करके एक अच्छे नागरिक होने का फर्ज निभाएं।