फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Ayodhya News: पांच करोड़ की लागत से बदलेगी मकबरा स्टेडियम की सूरत

विज्ञापन
विज्ञापन
अयोध्या। डॉ. भीमराव आंबेडकर विद्यालयी क्रीड़ा संस्थान (मकबरा स्टेडियम) की सूरत अब बदलेगी। अयोध्या विकास प्राधिकरण पांच करोड़ रुपये की लागत से यहां के भवन का जीर्णोद्धार कराया जाएगा। इसके अलावा खिलाड़ियों को अत्याधुनिक क्रिकेट पिच के साथ नए स्वरूप में बैडमिंटन कोर्ट और जिम की भी सौगात मिलेगी।
विज्ञापन


मकबरा स्टेडियम शहर की विभिन्न खेल गतिविधियों का प्रमुख केंद्र है। बड़ी संख्या में युवा खिलाड़ी यहां पर विभिन्न स्पर्धाओं का प्रशिक्षण प्राप्त करते हैं। देखरेख और संरक्षण के अभाव में स्टेडियम के भवन समेत अन्य खेल संसाधनों की हालत जर्जर हो गई है। ऐसे में खिलाड़ियों के साथ प्रशिक्षकों को भी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। यहां की तस्वीर में बदलाव की मांग की जाती रही है। अब विकास प्राधिकरण ने इस दिशा में निर्णायक पहल की है।

प्राधिकरण की ओर से मकबरा स्टेडियम को कई स्तर पर उच्चीकृत करने की कार्ययोजना तैयार की गई है। इसके तहत जर्जर भवन की मरम्मत कराते हुए वहां पर सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा। खिलाड़ियों के लिए पेयजल और टॉयलेट की बेहतर व्यवस्था कराई जाएगी। बैडमिंटन कोर्ट को आधुनिक स्वरूप दिया जाएगा। इससे प्रैक्टिस करने वाले खिलाड़ियों को तो सुविधा मिलेगी ही, प्रतियोगिताओं के आयोजन में भी सहूलियत होगी।
विज्ञापन


खो-खो खिलाड़ियों के लिए नए शेड का होगा निर्माण, कुश्ती में भी हो सकेगा उपयोग

क्रिकेट पिच के साथ स्वीमिंग पुल को नया स्वरूप मिलेगा। जिम का निर्माण कराया जाएगा। खो-खो खिलाड़ियों के लिए नए शेड का निर्माण कराया जाएगा। कुश्ती की प्रैक्टिस और स्पर्धाओं के लिए भी इसका उपयोग हो सकेगा। स्टेडियम के छात्रावास में भी कई सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएगी। यह भवन बारिश में चूने लगता है। बिजली के तार इधर-उधर बाहर निकलकर लटके हुए हैं। टॉयलेट भी बदतर स्थिति में है। इन सभी समस्याओं को दूर किया जाएगा।



इस बारे में अयोध्या विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष अश्वनी पांडेय ने अमर उजाला को बताया कि मकबरा स्टेडियम का संचालन शिक्षा विभाग की ओर से किया जाता है। अब खेल और खिलाड़ियों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से भव्य और आधुनिक स्वरूप देने के लिए पांच करोड़ रुपये से विभिन्न विकास कार्य कराने का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। इसके माध्यम से ग्राउंड की लेवलिंग कर स्टेडियम की सीढि़यों को बेहतर तरीके से बनाया जाएगा। इस प्रस्ताव पर अमल होने के बाद खिलाड़ियों को कई स्तर पर सुविधाएं मिल सकेंगी।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें