कुमारगंज। क्षेत्र के गणेशपुर भुलई तिवारी गांव में एक किशोर की हत्या मामले में पुलिस ने चार किशोरों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया है। अवैध तमंचे के साथ वीडियो वायरल करने की धमकी के बाद चार दोस्तों ने किशोर की गोली मारकर हत्या कर दी थी। सभी अपने एक मित्र के घर वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। आरोपियों को पकड़ कर घटना में प्रयुक्त 12 बोर का तमंचा और एक खोखा बरामद कर लिया गया है। सभी आरोपी किशोरों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें बाल संरक्षण गृह भेज दिया गया।
थाना क्षेत्र के गणेशपुर भुलई तिवारी गांव में 25 नवंबर की सुबह एक अज्ञात युवक का खून से लथपथ शव मिला था। उसके शरीर पर गोली के निशान थे। बाद में उसकी पहचान सौरभ पांडेय उर्फ कैप्टन पुत्र रामचरित्र पांडेय ( निवासी दक्खिन गांव, सुल्तानपुर) के रूप में हुई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गोली लगने से मौत की पुष्टि हुई। पुलिस ने मृतक के पिता की तहरीर पर चार किशोरों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू की। पूछताछ में उन्होंने विवाद के बाद गोली मारने की बात स्वीकार कर ली।
थानाध्यक्ष ओमप्रकाश ने बताया कि आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि 24 नवंबर की देर शाम सौरभ गणेशपुर ग्राम पंचायत के भुलई तिवारी गांव में एक दोस्त के घर शादी समारोह में शामिल हुआ था। नाश्ता-पानी के बाद शादी समारोह में शामिल चार अन्य दोस्त खेत की ओर गए, जहां वे अपने साथ 12 बोर का तमंचा भी ले गए थे। आरोपियों के अनुसार, वे तमंचे से फायर करने का प्रयास कर रहे थे, लेकिन फायर नहीं हो रहा था। इसी बीच सौरभ भी वहां पहुंच गया। उसने कहा कि वह तमंचा से फायर करेगा। जब उन्होंने मना किया तो सौरभ ने धमकी दी कि उसने तमंचे के साथ वीडियो बना ली है।
उसे तमंचा नहीं दिया गया तो वीडियो वायरल कर देगा। यह सुनकर दोस्त नाराज हो गए और उनमें से एक ने सौरभ के सीने पर गोली चला दी। घटना के बाद सभी मौके से भाग निकले। इस बीच सौरभ की मौत हो गई। थानाध्यक्ष ने बताया कि घटना में शामिल दो किशोर सुल्तानपुर के बल्दीराय थाना क्षेत्र और दो किशोर कुमारगंज के पुलिस चौकी चिलबिली क्षेत्र के हैं। इनके खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है।