बाबा बाजार। थाना क्षेत्र के सरैया गांव में चोर के शक में एक व्यक्ति को ग्रामीणों ने बंधक बना लिया और उसकी पिटाई कर दी। काफी देर तक हंगामा चलता रहा। बाद में पहुंची पुलिस ने मामला शांत कराया।
सरैया गांव में बृहस्पतिवार को दोपहर दो बजे पड़ोस के भौली गांव का एक व्यक्ति किसी से मिलने आया था। उसको ग्रामीणों ने चोर समझ कर बंधक बना लिया और पिटाई कर दी। काफी देर तक हंगामा चलता रहा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बंधक बनाए गए व्यक्ति को ग्रामीणों से मुक्त कराया और थाने लाकर पूछताछ की। पूछताछ में पता चला कि वह पड़ोसी गांव भोली का रहने वाला है और बैंजो बजाता है। वह किसी काम से सरैया में एक व्यक्ति से मिलने आया था। इससे पहले 22 सितंबर की रात लोहटी गांव में चोरी की घटना सामने आई। इसमें अंशुमान सिंह की ओर से थाने में दी गई तहरीर में कहा गया कि जेवरात और 20 हजार नकदी चोरी कर ली गई। भटमऊ गांव में 21 सितंबर को रात 10 बजे गांव में एक व्यक्ति को ग्रामीणों ने बंधक बना लिया था। शराब के नशे में धुत यह व्यक्ति पड़ोसी गांव भवानीपुर का रहने वाला था। थाना प्रभारी शैलेंद्र आजाद ने अफवाहों पर ध्यान न देने की लोगों से अपील की है। उन्होंने कहा कि यदि कोई संदिग्ध व्यक्ति दिखे तो उसकी पिटाई करने की बजाय तुरंत पुलिस को सूचित करें। माहौल खराब करने वालों के साथ सख्ती सेे पेश आया जाएगा।