अयोध्या। अपर आयुक्त न्यायिक की कार्यशैली से नाराज वकीलों ने पांचवें दिन भी कोर्ट का बहिष्कार करते हुए अदालत में कोई काम नहीं किया।
बहिष्कार के पांचवें दिन आयुक्त बार एसोसिएशन ने कड़ा रुख अपनाते हुए न्यायिक की अदालत में किसी प्राइवेट कर्मी को अदालत में जाने नहीं दिया।
आयुक्त बार एसोसिएशन के मंत्री सौमित्र तिवारी ने बताया कि अपर आयुक्त न्यायिक की अदालत में दिन में तो कोई प्राइवेट कर्मी काम नहीं कर पाया लेकिन शाम पांच बजे के बाद कई प्राइवेट कर्मी अदालत में काम करते हुए पाए गए। पीठासीन अधिकारी द्वारा शुक्रवार को 101 मुकदमों को खारिज किया गया।उसके पहले चार दिनों में 196 पत्रावलियों में दोनों पक्षों को सुनने के बाद खारिज किए जाने का आदेश पारित किया गया है जबकि कोई अधिवक्ता उनकी कोर्ट में नहीं गया। फिर यह आदेश कैसे पारित किए गए।
महामंत्री ने बताया कि रविवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिलकर अपर आयुक्त न्यायिक रितु पूनिया के कार्य करने की शैली व आम जनता के साथ किए जा रहे अन्याय की शिकायत की जाएगी। इस बीच यदि कोई समाधान नहीं निकाला गया तो सोमवार से आयुक्त परिसर की सभी अदालतों का बहिष्कार किया जाएगा शुक्रवार को अपर आयुक्त न्यायिक कोर्ट के अतिरिक्त अन्य अदालतों में अधिवक्ताओं द्वारा सामान्य रूप से न्यायिक कार्य किया गया। विरोध प्रदर्शन के दौरान बार एसोसिएशन के मंत्री सौमित्र तिवारी,अमित सिंह,भूपेंद्र सिंह,अनिल किशोर तिवारी,अरविंद यादव सहित कई अधिवक्ता मौजूद रहे।