अयोध्या। गंगा दशहरा के पावन पर्व पर श्रीराम जन्मभूमि मंदिर परिसर में विशेष धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन किया जाएगा। 26 मई को रामलला के दरबार में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विशेष पूजन-अर्चन होगा। इसके साथ ही राम परिवार और परिसर में स्थित सभी उप मंदिरों में भी श्रद्धा एवं भक्ति के साथ पूजा-अनुष्ठान संपन्न कराए जाएंगे।
श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट से जुड़े सूत्रों के अनुसार गंगा दशहरा के अवसर पर भगवान श्रीराम, माता सीता, लक्ष्मण और हनुमानजी की विशेष आरती एवं पूजन की व्यवस्था की जा रही है। मंदिर परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया जाएगा तथा श्रद्धालुओं के लिए विशेष दर्शन व्यवस्था भी बनाई जाएगी। धार्मिक मान्यता के अनुसार गंगा दशहरा के दिन मां गंगा का पृथ्वी पर अवतरण हुआ था। इस अवसर पर स्नान, दान और पूजा-पाठ का विशेष महत्व माना जाता है। रामनगरी अयोध्या में भी इस पर्व को लेकर संत समाज और श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखा जा रहा है। मंदिर प्रशासन के अनुसार गंगा दशहरा पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए सुरक्षा और दर्शन व्यवस्था को लेकर अतिरिक्त इंतजाम किए जा रहे हैं। श्रद्धालु सरयू स्नान के बाद रामलला के दर्शन कर पुण्य लाभ प्राप्त करेंगे।