सुबह लगभग 11:30 बजे यज्ञ समाप्त होने के बाद लोग बाहर निकल गए। इसके करीब 40 मिनट बाद, लगभग 12:10 बजे एक कुंड में रखा नारियल अचानक फट गया, जिससे निकली चिंगारी ने देखते ही देखते यज्ञशाला को आग की चपेट में ले लिया। पछुआ हवाओं के कारण आग तेजी से फैल गई और कुछ ही देर में पूरी यज्ञशाला जलकर राख हो गई।
गोशाला में भी आग फैल गई
सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। इसी दौरान मुख्य पंडाल के पूर्वी छोर पर स्थित गोशाला में भी आग फैल गई। हालांकि गोवंशों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
यज्ञशाला में लगी आग बुझाते फायरकर्मी।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
घटना के समय परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह, अयोध्या विधायक वेद प्रकाश गुप्ता सहित कई जनप्रतिनिधि व वीआईपी मुख्य पंडाल में मौजूद थे। सूचना पर मंडलायुक्त राजेश कुमार, डीआईजी सोमेन वर्मा, जिलाधिकारी निखिल टीकाराम फुंडे और एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर सहित प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
अधिकारी बोले- नहीं हुई कोई जनहानि
जिलाधिकारी निखिल टीकाराम फुंडे ने बताया कि सूचना मिलते ही तत्काल कार्रवाई करते हुए आग पर काबू पा लिया गया। घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। यज्ञ मंडप की आग पास की गोशाला तक पहुंच गई थी, लेकिन समय रहते गायों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
वहीं, एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर ने बताया कि दमकल की गाड़ियां समय पर पहुंच गई थीं, जिससे स्थिति को जल्द नियंत्रित कर लिया गया। किसी प्रकार की जनहानि की कोई सूचना नहीं है।