बीकापुर/हैदरगंज। तथ्य छिपाकर भूमि का नामांतरण करने के आरोप में पुलिस ने राजस्व निरीक्षक, लेखपाल सहित छह आरोपियों के विरुद्ध धोखाधड़ी समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज किया है। यह कार्रवाई न्यायालय के आदेश पर हुई है।
क्षेत्र के गरौली टोढ़ी का पुरवा निवासी केवलापती ने बताया कि उन्होंने अपने ससुर राज बहादुर से 21 अगस्त, 2020 को गांव में ही स्थित जमीनों का पंजीकृत बैनामा करवाया है। इसके आधार पर तहसीलदार न्यायालय से चार फरवरी, 2023 को गाटा संख्या 248 का नामांतरण उनके नाम हो गया है। विपक्षियों ने उसी न्यायालय में चार मार्च, 2023 को वाद निस्तारण तक स्थगन आदेश ले लिया, जो तहसीलदार न्यायालय में विचाराधीन है।
तथ्य छिपाकर उनके बैनामा की जमीन को तत्कालीन लेखपाल, कानूनगो से मिलकर सीता देवी, रामलौट, राम चंदर, रामलली ने अपने-अपने नाम नामांतरण करवा लिया। इसमें बीकापुर में कार्यरत लेखपाल अजीत वर्मा, उनके मुंशी साधु पांडेय की विशेष भूमिका रही। हमारे बैनामा की जानकारी होने के बावजूद लेखपाल व कानूनगो ने गलत तरीके से खारिज दाखिल करवा दिया।
उन्होंने थाना हैदरगंज, सीओ बीकापुर में शिकायती पत्र दिया, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद न्यायालय की शरण ली। थानाध्यक्ष विवेक राय ने बताया कि न्यायालय के आदेश लेखपाल अजीत वर्मा, वैसूपाली लक्ष्मणपुर हैदरगंज निवासी मुंशी दिनेश, तत्कालीन कानूनगो, गरौली निवासी रामलौट, राम चंदर और रामलली के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज की गई है।