10 दिनों से धरने पर बैठे, सुनने वाला कोई नहीं
भू माफिया ने अपहरण कर जबरन करा लिया खेत का बैनामा, अब दे रहा धमकी
फोटो-12
अमर उजाला ब्यूरो
अयोध्या। पूराकंलदर के सरियावां गांव निवासी पीड़ित परिवार पिछले 10 दिनों से सदर तहसील के सामने धरने पर बैठा है। न्याय दिलाने की बात तो दूर प्रशासन और पुलिस का कोई अफसर इनकी व्यथा सुनने के लिए नहीं आया। भू माफिया ने पीड़ित किसान का अपहरण कर जबरन खेत का बैनामा कर लिया। अब खेत पर कब्जा करने के लिए धमकी दे रहा है।
पीड़ित परिवार दबंग भू माफिया पर मुकदमा दर्ज करने की मांग को लेकर तिकोनिया पार्क में पिछले पांच सितंबर से अनिश्चितकालीन धरने पर बैठा हुआ है। आरोप है कि सरियावां निवासी राम अचल पाल का पांच जुलाई को गांव के ही दबंग भू माफिया ने अपहरण कर जबरन खेत का बैनामा करा लिया। गुमशुदगी की प्राथमिकी राम अचल की पत्नी की ओर से थाने में दर्ज है।
इस घटना के विरोध में पति और पत्नी धरने पर बैठे हैं लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही है। इस बीच आरोपी पीड़ित परिवार का खेत कब्जा करने की कोशिश कर रहे हैं। जान से मारने की भी धमकी दी जा रही है। शनिवार को धरना दे रहे पीड़ित परिवार से भाकपा के जिला सचिव अशोक तिवारी, भाकपा माले के जिला प्रभारी अतीक अहमद, माकपा के जिला सचिव अशोक यादव व विनोद सिंह ने मुलाकात की।
वामपंथी नेताओं ने प्रशासन और पुलिस की संवेदनहीनता पर आक्रोश व्यक्त करते हुए कहा कि अधिकारी कार्रवाई न कर आरोपियों को बचाने का काम कर रहे हैं। इसीलिए ऐसी प्रवृत्ति के लोग गरीबों की जमीन पर कब्जा कर रहे हैं। यदि समय रहते आरोपियों पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई नहीं की गई तो इसे बड़ा मुद्दा बनाया जाएगा।