अयोध्या। स्टेट जीएसटी के सचल ने अगस्त में आयरन स्टील लदे वाहनों में कर चोरी पकड़ने के लिए अभियान चलाया तो बड़ी सफलता मिली है। माह भर में हुई 4,227 वाहनों की जांच में 111 वाहनों में कर चोरी पकड़ी गई। इनमें 37 वाहनों पर आयरन स्टील लदे थे, जिनसे टीमों ने 59 लाख रुपये विभाग में जमा कराए हैं।
स्टेट जीएसटी के अयोध्या जोन में सचल दल की पांच टीमें हाईवे व अन्य मार्गों पर माल लदे वाहनों को रोककर उनकी जांच करती हैं। अगस्त में इन टीमों को 2700 वाहनों को जांचने का लक्ष्य दिया गया था। इनसे कर चोरी मिलने पर दो करोड़ रुपये विभाग में जमा कराना था। इसके सापेक्ष टीमों ने अलग-अलग क्षेत्रों से 4,227 वाहनों की जांच की है। इस दौरान 111 वाहनों में अलग-अलग तरीके से कर चोरी पकड़ी गई तो उनसे 1.51 करोड़ रुपये वसूले गए।
इनमें 51 वाहनों पर संवेदनशील श्रेणी की वस्तुयें लदी थीं, जिनसे 77.68 लाख रुपये जमा कराए गए। वहीं, पान-मसाला लदे 10 वाहनों से 36 लाख, सुपारी लदे एक वाहन से 7.74 लाख, तंबाकू लदे नौ वाहनों से 34 लाख रुपये कर चोरी पकड़े जाने पर जमा कराए गए हैं। इन वाहन स्वामियों को भविष्य में कर चोरी न करने और राष्ट्रहित में टैक्स जमा करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
अपर आयुक्त ग्रेड-1 अरविंद कुमार ने बताया कि आयरन स्टील, पान-मसाला उत्पादाें में आदि में लगातार कर चोरी का प्रयास अभी भी हो रहा है। इस पर अंकुश लगाने के लिए टीमों को निर्देश दिए गए हैं। कार्रवाईयों से बचते हुए देश हित में लोगों को सर्दव ईमानदारी से कर जमा करके देश की उन्नति और तरक्की में सहयोगी बनना चाहिए।