अयोध्या। स्टेट जीएसटी की विशेष अनुसंधान शाखा (एसआईबी) ने बीते माह कर चोरी रोकने के लिए व्यापक अभियान चलाया। इस दौरान 24 प्रतिष्ठानों पर अलग-अलग टीमों ने छापा मारा और गड़बड़ी मिलने पर 3.57 करोड़ रुपये जमा कराए हैं। इन कार्रवाइयों से कारोबारियों में हलचल तेज है।
स्टेट जीएसटी के अयोध्या जोन के नौ जिलों में तीन संभाग हैं। सभी संभागों में संयुक्त कर आयुक्त के नेतृत्व में एसआईबी की टीमें कार्य करती हैं। वह कर चोरी के मामले पकड़ने के लिए संबंधित प्रतिष्ठानों पर छापेमारी करती हैं। जनवरी में तीनों संभाग को 3.09 करोड़ रुपये राजस्व संग्रह का लक्ष्य दिया गया था। इनमें संभाग ए व बी को 1.22-1.22 करोड़ व गोंडा संभाग को 65 लाख जमा कराना था।
लक्ष्य के सापेक्ष संभाग ए, बी और गोंडा ने क्रमश: सात, 11 और छह प्रतिष्ठानों पर छापेमारी की। इस दौरान बड़े पैमाने पर अनियमितताएं मिलीं। व्यापारियों के स्टॉक, बिक्री आदि में गड़बड़ियां मिलीं। इसलिए तीनों संभाग में क्रमश: 1.24 करोड़, 1.08 करोड़ और 1.24 करोड़ रुपये जमा कराए गए। इनमें गोंडा संभाग की उपलब्धि बेहतर रही। यहां लक्ष्य के सापेक्ष लगभग दोगुना जुर्माना वसूला गया।
अपर आयुक्त ग्रेड-1 संतोष कुमार ने बताया कि कर चोरी रोकने के अभियान को और तेज किया गया है। ग्राहकों से अपील है कि वह खरीदारी करते समय दुकानदार से पक्का बिल जरूर लें। किसी तरह की दिक्कत होने पर विभाग में शिकायत करें।