अयोध्या। स्टेट जीएसटी की विशेष अनुसंधान शाखा (एसआईबी) ने अगस्त में 17 प्रतिष्ठानों पर छापा मारा। इस दौरान बड़े पैमाने पर अनियमितताएं मिलने पर टीमों ने 3.87 करोड़ रुपये जमा कराए।
अयोध्या जोन के नौ जिलों में तीन संभाग हैं। इनमें एक-एक संयुक्त कर आयुक्त के नेतृत्व में एसआईबी की तीन टीमें कार्य करती हैं। सभी टीमों को अगस्त में 3.55 करोड़ रुपये राजस्व जमा कराने का लक्ष्य दिया गया था। इसके सापेक्ष टीमों ने अलग-अलग जिलों में 17 प्रतिष्ठानों पर छापा मारा। इनमें मोबाइल की एक दुकान पर जांच के दौरान टॉक वैल्यू और रिचार्ज वैल्यू मांगा गया।
क्रेडिट लेजर में प्रदर्शित आईटीसी के सापेक्ष व्यापारी के लैपटॉप में पोर्टल पर प्रदर्शित टॉक वैल्यू कम पाया गया। अनियमितता मिलने पर संबंधित व्यापारी से 63 लाख रुपये जमा कराए गए। इसी तरह एक बैटरी विक्रेता से 36.99 लाख रुपये जमा कराए गए। अपर आयुक्त ग्रेड-1 संतोष कुमार ने बताया कि अगस्त में एसआईबी ने लक्ष्य के सापेक्ष शत-प्रतिशत प्रदर्शन किया है। व्यापारियों से अपील है कि नियमानुसार कर चुकाकर देश की उन्नति और तरक्की में सहयोग करें।