अयोध्या। डॉ. राम मनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय के इंजीनियरिंग कैंपस के दो शिक्षकों में शनिवार सुबह मारपीट हो गई। मारपीट में दोनों को चोटें आई हैं। पुलिस ने उनका मेडिकल परीक्षण करवाकर एक पक्ष पर केस दर्ज किया है।
दर्ज एफआईआर में गाजीपुर के गहमर थाना क्षेत्र के बारा निवासी प्रियेश कुमार पांडेय ने बताया कि वह आईईटी परिसर में इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग विभाग में सहायक प्रवक्ता हैं। इसी विभाग में तैनात सहायक प्रवक्ता समरेंद्र प्रताप सिंह काॅलेज के ग्रुप में उनके क्लास न लेने की अफवाह फैला रहे थे। उन्होंने क्लास लेने का साक्ष्य प्रस्तुत किया तो शनिवार सुबह 10:30 बजे समरेंद्र सिंह आकर मारपीट करने लगे। उनके चेहरे, नाक और शरीर के कई अंगों पर वार किया, जिससे उनका चेहरा लहूलुहान हो गया। वहीं, सहायक प्रवक्ता समरेंद्र प्रताप सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि शनिवार को वह प्रियेश पांडेय के क्लास में गए थे तो वह टहल रहे थे। वह लौटने लगे तो प्रियेश ने पीछे से उनके ऊपर हमला कर दिया।
इंस्पेक्टर अश्विनी पांडेय ने बताया कि दोनों शिक्षकों का जिला अस्पताल में मेडिकल परीक्षण कराया गया है। प्रियेश पांडेय की तहरीर पर विपक्षी के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। वहीं समरेंद्र के प्राथना पत्र की जांच की जा रही है।