अयोध्या। जिले की सभी निकटवर्ती सीमाओं पर अब डिजिटल पहरेदारी होगी। इसके लिए सभी एंट्री पॉइंट पर आधुनिक सीसीटीवी कैमरे लग रहे हैं। इनके जरिये सीमा की चौकसी की जाएगी। यह कैमरे कंट्रोल रूम के अलावा एसएसपी के मोबाइल फोन से भी जुड़े रहेंगे।
मंदिर-मस्जिद विवाद के जन्म के समय से ही अयोध्या हमेशा संवेदनशील रही है। राम मंदिर बनने के बाद उस विवाद का पटाक्षेप तो हो गया है, लेकिन अयोध्या की संवेदनशीलता अब भी बरकरार है। आए दिन तमाम आतंकी संगठन राम मंदिर और अयोध्या पर अपनी कुदृष्टि जाहिर करते हैं। हालांकि, सुरक्षा एजेंसियों की सक्रियता से अमन-चैन में खलल डालने की उनकी हर कोशिश नाकाम होती है।
इसी संवेदनशीलता को देखते हुए जिले की सुरक्षा व्यवस्था लगातार हाइटेक की जा रही है। इसके अगले क्रम में जिले की सीमाओं पर चौकसी बढ़ाई जा रही है। इसके लिए 16 बिंदु चिह्नित किए गए हैं, जिनमें 12 पर कैमरे लग चुके हैं। कंट्रोल रूम में बैठे जवान सीमाओं की निगरानी करेंगे। ऑनलाइन सक्रिय रहने वाले इन कैमरों से चेहरा और वाहनों के नंबर प्लेट पहचानने तक की व्यवस्था होगी।
-अंबेडकरनगर की सीमा पर सेवागंज, गद्दौपुर और मड़हा पुल के पास। बीकापुर के जमौली, हैदरगंज के बेरूगंज, केरालाल खां व भोपाडुहिया, बाबा बाजार के रेछघाट व मां कामाख्या धाम, पटरंगा के अशरफपुर व आलियाबाग, मवई के डोभा तिराहा।
एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर ने बताया कि सीमा पर लग रहे यह कैमरे आईपी (इंटरनेट प्रोटोकॉल) के तहत जुड़े रहेंगे। यह कैमरे डिजिटल रूप से फुटेज रिकॉर्ड करते हैं और इंटरनेट के जरिये जानकारी भेजते हैं। इनकी मदद से किसी भी संदिग्ध व्यक्ति को पल भर में ट्रेस करने में मदद मिलेगी। अपराध नियंत्रण में भी आसानी होगी।