अयोध्या। सुबह से दोपहर बाद तक धूप-छांव के बीच रूक-रूक कर बूंदाबांदी के साथ फुहारें पड़ती रहीं। इसके बाद शाम को थोड़ी देर के बादल झूमकर बरसे। फिर रात तक हल्की बारिश होती रही। इसी के साथ हवा चलने से शाम को भी मौसम सुबह की तरह खुशगवार हो गया। अभी अगले दो से तीन दिनों तक अलग-अलग क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं।
मंगलवार को सुबह से आसमान में घने बादल छाए रहे। आठ बजे के करीब बूंदाबांदी हुई। फिर दिन चढ़ने के साथ कभी धूप कभी छांव के बीच रूक-रूक कर बूंदाबांदी होती रही। ऐसे में जब धूप निकलती तो उसकी तल्खी बेचैन कर देती। पूरे दिन मौसम के इस उतार-चढ़ाव के साथ उमस सताती रही। ऐसे में हर कोई झमाझम बारिश की प्रतीक्षा करता रहा। हालांकि दिन में भी कुछ क्षेत्रों में थोड़ी देर के लिए अच्छी बारिश हुई लेकिन शहर इससे अछूता रहा।
दिन भर उमस भरी गर्मी के बाद शाम को थोड़ी देर के लिए शहरी क्षेत्र में भी अच्छी बारिश हुई। यह थमी तो भी हल्की बारिश और बूंदाबांदी का दौर रात तक चलता रहा। इस दौरान हवा चलने से उमस और गर्मी से काफी राहत मिली। मौसम के इन उतार-चढ़ाव के बीच अधिकतम तापमान सामान्य से 1.5 डिग्री कम 31 डिग्री सेल्सियस रहा। जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य 26.5 रहा। कुमारगंज क्षेत्र में 10.2 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम विज्ञान विभागाध्यक्ष प्रो. सीताराम मिश्र के अनुसार अगले दो से तीन तीन हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।