अयोध्या। 14 कोसी परिक्रमा मेले को सकुशल और सुरक्षित संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। श्रद्धालुओं की भारी भीड़, परिक्रमा मार्ग की संवेदनशीलता और यातायात के दबाव को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था का खाका तैयार किया जा रहा है। इसी क्रम में बृहस्पतिवार को रिजर्व पुलिस लाइन सभागार में पुलिस अधिकारियों की बैठक कर डीआईजी सोमेन बर्मा और एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर ने तैयारियों की समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में डीआईजी ने कहा कि 14 कोसी परिक्रमा अयोध्या का महत्वपूर्ण धार्मिक आयोजन है। इसमें देश के विभिन्न हिस्सों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। ऐसे में सुरक्षा व्यवस्था में किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। सभी अधिकारी अपने-अपने क्षेत्र की जिम्मेदारी तय कर लें और परिक्रमा मार्ग का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का पहले से आकलन करें। भीड़ के दबाव वाले स्थानों को चिह्नित कर वहां अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाए।
एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर ने कहा कि परिक्रमा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा के साथ उनकी सुविधा का भी विशेष ध्यान रखा जाए। यातायात व्यवस्था ऐसी हो कि परिक्रमार्थियों को किसी तरह की परेशानी न हो। प्रमुख मार्गों, प्रवेश और निकास बिंदुओं पर पुलिसकर्मियों की तैनाती रहे। भीड़ नियंत्रण के लिए बैरिकेडिंग, डायवर्जन और पार्किंग की व्यवस्था पहले से सुनिश्चित कर ली जाए।
उन्होंने निर्देश दिया कि महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए महिला पुलिसकर्मियों की पर्याप्त तैनाती की जाए। सादे कपड़ों में पुलिसकर्मियों को भी सक्रिय रखा जाए। सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन के माध्यम से भीड़ की निगरानी की जाए। खोया-पाया केंद्र, सहायता केंद्र और आपात स्थिति से निपटने के लिए पुलिसकर्मियों को अलर्ट रखा जाए। सभी विभागों से समन्वय बनाकर व्यवस्थाएं समय से पूरी कर ली जाएं। इसके बाद अधिकारियों ने परिक्रमा पथ का निरीक्षण भी किया। इस मौके पर एसपी सिटी चक्रपाणि त्रिपाठी, सीओ सिटी श्रीयश त्रिपाठी, सीओ अयोध्या आशुतोष तिवारी आदि मौजूद रहे।