अयोध्या। ज्येष्ठ माह के पहले मंगल (बड़े मंगल) पर मंगलवार को सुरक्षा व्यवस्था चुस्त की गई है। इसके लिए अयोध्या धाम और फैजाबाद को पांच जोन में बांटा गया है। सभी हनुमान मंदिर पर सुरक्षा के अतिरिक्त इंतजाम किए गए हैं। उच्चाधिकारी पल-पल की निगरानी करेंगे।
पुलिस अधीक्षक नगर मधुबन सिंह ने बताया कि बड़े मंगल पर अयोध्या धाम स्थित हनुमानगढ़ी समेत सभी हनुमान मंदिरों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ती है। विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालु भंडारे का आयोजन करते हैं। इसलिए शहर में पर्याप्त मात्रा में भीड़ रहती है। इसे ध्यान में रखकर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। शहर को घाट, नागेश्वरनाथ मंदिर, हनुमान गढ़ी, कनक भवन और यातायात जोन में बांटा गया है।
अयोध्या हनुमान गढ़ी, रिकाबगंज, सहादतगंज और नाका हनुमानगढ़ी पर उपनिरीक्षक, आरक्षी, मुख्य आरक्षी व महिला आरक्षियों की अतिरिक्त ड्यूटी लगाई गई है। भंडारा स्थल पर पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। संबंधित निरीक्षक लगातार क्षेत्र भ्रमण करके सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेंगे। सीसीटीवी और ड्रोन से भी अयोध्या धाम की निगरानी की जाएगी। आवश्यकतानुसार यातायात परिवर्तन किया जाएगा।