अयोध्या। सड़कों को गड्ढामुक्त बनाने के दावों के बीच निर्माण और मरम्मत कार्यों की गुणवत्ता पर सवाल खड़े होने लगे हैं। जिले के अलग-अलग स्थानों पर सड़कों की बदहाली सामने आ रही है। कहीं निर्माण के दो साल के भीतर ही सड़क उखड़ने लगी है तो कहीं मरम्मत के महज एक महीने बाद ही पैचिंग की गिट्टियां बिखर गई हैं। कुछ सड़कों पर पैचिंग का काम अधूरा पड़ा है तो कुछ सड़कों का निर्माण आधा करके ही छोड़ दिया गया है। हालात यह हैं कि सड़कों पर उखड़ी गिट्टियां राहगीरों और बाइक सवारों के लिए हादसों का खतरा बन रही हैं।
पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता शशिभूषण सिंह ने बताया कि दोबारा खराब हुई सड़कों का निरीक्षण कर संबंधित अभियंताओं से रिपोर्ट मांगी जाएगी। गुणवत्ता में कमी मिलने पर ठेकेदार को नोटिस देकर कार्रवाई की जाएगी।
दो साल में ही उखड़ने लगी सड़क
गौरियामऊ से मुजफ्फरपुर जाने वाली सड़क निर्माण के महज दो साल के भीतर ही जगह-जगह उखड़ने लगी है। लोक निर्माण विभाग की ओर से 1.33 करोड़ रुपये की लागत से इस सड़क का निर्माण कराया गया था। छह माह पहले इसकी पैचिंग भी कराई गई थी, लेकिन अब पैचिंग भी उखड़ गई है। स्थानीय निवासी रामकुमार, सुरेश, अनिल और राजकिशोर ने सड़क की गुणवत्ता पर सवाल खड़े किए हैं।
बिखरी गिट्टियों के बीच खतरनाक सफर
सड़कों पर कराई गई पैचिंग भी महीनेभर नहीं टिक पा रही है। इसकी बानगी अयोध्या-रायबरेली राजमार्ग से ग्रामीण क्षेत्रों को जोड़ने वाली करीब 13 किलोमीटर लंबी सड़क पर देखने को मिल रही है। लोक निर्माण विभाग की ओर से एक माह पहले सड़क के गड्ढों की पैचिंग कराई गई थी, लेकिन महीनेभर के भीतर ही पैचिंग उखड़ने लगी और गिट्टियां सड़क पर बिखर गईं।
पैचिंग उखड़ी, रामकोट में सड़क ही अधूरी
देवकाली-वजीरगंज (जेल रोड) की हालत भी जर्जर है। लोक निर्माण विभाग ने डेढ़ माह पहले ही इस सड़क के गड्ढों को भरने के लिए पैचिंग कराई थी, लेकिन अब यह जगह-जगह उखड़ गई है। इसी तरह अयोध्याधाम के रामकोट मोहल्ले में राम मंदिर की ओर जाने वाली सड़क पर कहीं पैचिंग उखड़ गई है तो कहीं निर्माण कार्य ही अधूरा पड़ा है।
ठीक से सफाई न होने से जल्दी उखड़ती हैं सड़कें
गड्ढों को भरने से पहले उनकी ठीक से सफाई न करने और किनारों को चौकोर न काटने से नया डामर पुरानी सड़क के साथ मजबूत पकड़ नहीं बना पाता। इससे जोड़ों के पास बारीक दरारें रह जाती हैं। कई बार सड़क की ऊपरी सतह पर ही गड्ढा भर दिया जाता है, जबकि उसके नीचे की मिट्टी या गिट्टी की परत कमजोर रह जाती है। ऐसे में ऊपर से वाहनों के गुजरने पर वह हिस्सा दोबारा धंस जाता है।
56- रुदौली के गौरियामऊ से मुजफ्फरपुर की सड़क पर उखड़ी गिट्टियां- संवाद
56- रुदौली के गौरियामऊ से मुजफ्फरपुर की सड़क पर उखड़ी गिट्टियां- संवाद