अयोध्या। पांच जिलों से होकर गुजरने वाले 84 कोसी परिक्रमा पथ को विकसित करने की कवायद तेज हो गई है। इस परिक्रमा पथ के विकसित होने से आस-पास के जिलों से रामनगरी का जुड़ाव हो सकेगा और पर्यटन व रोजगार की संभावनाएं भी बढ़ेंगी। परिक्रमा पथ के लिए 11 करोड़ रुपये की पहली किस्त जारी कर दी गई है। अयोध्या की इस सबसे बड़ी परियोजना पर जल्द काम शुरू होने की उम्मीद है। करीब 7400 करोड़ की लागत से यह पथ बनकर तैयार होगा।
आवंटित की गई 11 करोड़ रुपये की धनराशि परिक्रमा पथ की जमीन खरीदने के लिए है। परिक्रमा के शुरुआती स्थल बस्ती के मखौड़ा से जिले के सारपुर, सारपुर से गोसाईगंज, गोसाईगंज से बीकापुर और बीकापुर से पटरंगा के बीच बनने वाले परिक्रमा मार्ग का टेंडर जारी कर दिया गया है। 84 कोसी परिक्रमा पथ बस्ती जिले के मखौड़ा धाम से शुरू होती है। यह अयोध्या, अंबेडकर नगर, बाराबंकी, गोंडा जिले के विभिन्न स्थलों से होते हुए फिर मखौड़ा धाम में समाप्त होती है। इसकी लंबाई 231.15 किलोमीटर है।
परिक्रमा पथ बनने से पांच जिलों के ग्रामीण क्षेत्र में धार्मिक पर्यटन बढ़ेगा। इससे इन जिलों में रोजगार के नए अवसर खुलेंगे। देश- विदेश से आने वाले लोगों में अवध की संस्कृति का विस्तार होगा। भूमि एवं अध्याप्ति अधिकारी एके त्रिपाठी ने बताया कि जमीन खरीद की कार्रवाई शुरू की जा चुकी है। इसके लिए लगभग 11 करोड़ रुपये का आवंटन प्राप्त हुआ है। जमीन के लिए नोटिस भेजी जा रही है।
45 मीटर चौड़ा किया जाएगा परिक्रमा मार्ग
केंद्र सरकार ने राष्ट्रीय राजमार्ग 227 बी घोषित किया है। पूरे परिक्रमा मार्ग को 45 मीटर चौड़ा किया जाएगा। परिक्रमा पथ पर भारी वाहनों के आवागमन को रोकने के लिए थोड़ी-थोड़ी दूरी पर स्ट्रीट लाइट बैरियर लगाया जाएगा। 84 कोसी परिक्रमा पांच जिलों बस्ती, गोंडा, अयोध्या, बाराबंकी और अंबेडकरनगर से होकर गुजरती है।
छह पैकेज में होगा निर्माण कार्य
- 84 कोसी परिक्रमा मार्ग के निर्माण के लिए दो तिहाई हिस्से का टेंडर जारी कर दिया गया है। इस हिस्से को 18 से 24 माह में पूरा करने की मियाद तय की गई है। परिक्रमा पथ का निर्माण छह पैकेज में किया जाएगा। निर्माण सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय करा रहा है। पैकेज संख्या तीन अयोध्या जिले के गोसाईगंज से बीकापुर के बीच जमीन खरीद के लिए औपचारिक कार्रवाई पूरी हो गई। अमौनी और मीतनपुर गांवों के किसानों से जमीन खरीद की शुरूआत होगी। किसानों को भूमि अध्याप्ति विभाग से नोटिस भेजा जा रहा है। मुआवजे के रूप में उन्हें आंकलित धनराशि दी जाएगी।
मखौड़ा धाम से शुरू होगा निर्माण
मखौड़ा धाम से 84 कोसी परिक्रमा की शुरुआत होती है। पहले पैकेज में यहीं से निर्माण भी शुरू किया जाएगा। मखौड़ा धाम व छावनी से महूघाट, रामबाग व सांड़पुर से सरयू नदी पार कर अंबेडकरनगर के शृंगी ऋषि के आश्रम तक के परिक्रमा मार्ग का टेंडर हो चुका है।
84 कोसी परिक्रमा पथ एक नजर में
- लंबाई - 231.15 किमी.
- लागत - 7413.21 करोड़
- जिले - बस्ती, अयोध्या, अंबेडकरनगर, बाराबंकी और गोंडा