अयोध्या। दूसरे राजनीतिक दलों के नेताओं के साथ संगठनात्मक कार्यक्रमों में सहभागिता की तस्वीरें सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद कांग्रेस ने अपने जिला उपाध्यक्ष राजकुमार पांडेय के खिलाफ कार्रवाई की है। जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष चेतनारायण सिंह ने उन्हें जिला उपाध्यक्ष पद से हटा दिया है। साथ ही कारण बताओ नोटिस जारी कर 15 दिन के भीतर लिखित स्पष्टीकरण मांगा है।
जिला कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता शीतला पाठक ने बताया कि राजकुमार पांडेय की दूसरे राजनीतिक दलों के नेताओं के साथ उनके संगठनात्मक कार्यक्रमों में शामिल होने से संबंधित तस्वीरें लगातार सोशल मीडिया पर सामने आ रही थीं। इसे गंभीरता से लेते हुए जिला अध्यक्ष ने उन्हें पद से हटाने का निर्णय लिया है। साथ ही, संबंधित प्रकरण में उनका पक्ष जानने के लिए कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। उन्हें 15 दिन के भीतर लिखित जवाब देना होगा।
प्रवक्ता ने बताया कि निर्धारित समयावधि में जवाब नहीं मिलने या स्पष्टीकरण संतोषजनक नहीं पाए जाने पर पार्टी के संविधान और निर्धारित प्रक्रिया के तहत आगे की अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। वहीं राजकुमार पांडेय ने बताया कि उन्होंने निजी व्यस्तता का हवाला देते हुए पद से इस्तीफा दे दिया है। बताया कि वे रविवार को हैदरगंज में शिक्षक एमएलसी ध्रुव कुमार त्रिपाठी के समर्थन में हुई बैठक में शिक्षक होने के नाते शामिल हुए थे, जिस पर पार्टी ने आपत्ति जताई थी जिसके बाद उन्होंने इस्तीफा दिया है।