आरोपी लवकुश के घर जांच करती पुलिस।
रुदौली। श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में चंदा चोरी के मामले की विवेचना लगातार तेज हो रही है। रविवार को रुदौली कोतवाली क्षेत्र के ठाकुरान फगौली निवासी लवकुश मिश्रा के घर शुजागंज पुलिस पहुंची। परिजनों से अलग-अलग पूछताछ की।
जानकारी के अनुसार शुजागंज चौकी प्रभारी अभिषेक सिंह, लवकुश मिश्रा के घर पहुंचे। पुलिस ने घर देखने के साथ साथ लवकुश की मां, दादी और बाबा से अलग-अलग पूछताछ की। पूछताछ के दौरान आरोपी की गतिविधियों, परिवार से जुड़े तथ्यों और विवेचना से संबंधित विभिन्न बिंदुओं पर जानकारी जुटाई गई। यह कार्रवाई गबन के मामले में दर्ज एफआईआर के बाद चल रही विवेचना का हिस्सा है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की कड़ियों को जोड़ने और साक्ष्यों को मजबूत करने के लिए सभी नामजद आरोपियों के घरों पर एक साथ जांच कर रही है। इस मामले में रुदौली निवासी आरोपी लवकुश मिश्रा को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर चुकी है।
बॉक्स-1 :
मुझे कुछ नहीं पता, मेरे पोते को निर्दोष फंसाया जा रहा
- आरोपी लवकुश मिश्रा के बाबा जगदंबा मिश्रा ने पूरे मामले पर कुछ भी स्पष्ट कहने से परहेज किया। एक सवाल के जवाब में उनका कहना था कि मुझे इस मामले में कुछ नहीं पता है। मेरे पोते को फंसाया जा रहा है। लवकुश मिश्रा की श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में नौकरी किसके माध्यम से लगी थी यह सवाल करने पर कहा कि मुझे इसकी भी कोई जानकारी नहीं है।
बॉक्स-2
पैसों को तलाशने में जुटी पुलिस, दादी से की पूछताछ
- सूत्रों के मुताबिक, पुलिस की जांच अब इस बात पर भी केंद्रित है कि गबन की धनराशि का कोई हिस्सा कहीं और तो नहीं छिपाया गया है। इसी कड़ी में पुलिस ने आरोपी लवकुश मिश्रा की दादी से अलग से पूछताछ की। पूछताछ के दौरान धनराशि, परिवार के सदस्यों की जानकारी और अन्य संभावित ठिकानों के संबंध में सवाल किए गए।