जनाक्रोश रैली में शामिल भाजपा के पदाधिकारी व कार्यकर्ता।
अयोध्या। नारी शक्ति वंदन अधिनियम की रूपरेखा तय करने के लिए लोकसभा में प्रस्तुत महिला आरक्षण विधेयक का विरोध करने वाले विपक्षी दलों के खिलाफ भाजपा का विरोध-प्रदर्शन लगातार जारी है। महानगर के देवकाली व पूरा मंडल में भाजपा नेताओं ने जनआक्रोश रैली निकालकर विपक्ष की नीतियों के खिलाफ प्रदर्शन किया। देवकाली मंडल में रैली की शुरुआत रीडगंज से मंडल अध्यक्ष हेमंत जायसवाल के नेतृत्व में हुई, जो चौक पर जाकर समाप्त हुई।
वहीं, पूरा मंडल में रैली ब्लॉक मुख्यालय से मंडल अध्यक्ष कपिल देव वर्मा के नेतृत्व में निकाली गई, जो कामता सिंह महाविद्यालय जा कर समाप्त हुई। देवकाली मंडल में आयोजित रैली के दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष रोली सिंह ने कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम महिलाओं को सशक्त बनाने की दिशा में ऐतिहासिक कदम है। इसका विरोध करना विपक्ष की महिला विरोधी मानसिकता को दर्शाता है। विधायक वेद प्रकाश गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में केंद्र सरकार महिलाओं को सम्मान और अधिकार देने के लिए प्रतिबद्ध है। महिला आरक्षण विधेयक उसी दिशा में एक मजबूत पहल है। भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश महामंत्री हर्षवर्धन सिंह ने कहा कि भाजपा युवाओं और महिलाओं के सशक्तीकरण के लिए लगातार कार्य कर रही है।
महानगर अध्यक्ष कमलेश श्रीवास्तव ने कहा कि विपक्ष का विरोध विकास और महिला सशक्तीकरण के रास्ते में बाधा है। रैलियों में पूर्व महानगर अध्यक्ष अभिषेक मिश्रा, आलोक द्विवेदी, स्वप्निल श्रीवास्तव, अशोका द्विवेदी, रीना द्विवेदी, शारदा सोनी, सुनीता उपाध्याय, पूर्व महापौर ऋषिकेश उपाध्याय, महामंत्री शैलेंद्र कोरी, परमानंद मिश्रा शिवेंद्र सिंह, रवि सिंह आदि शामिल रहे।