यूरिया की समस्या को लेकर प्रदर्शन करने जाते भाकियू कार्यकर्ता।
अयोध्या। भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) ने यूरिया की कालाबाजारी, टैगिंग और थोक दर घोषित करने की मांग को लेकर सोमवार को प्रदर्शन किया। किसानों ने जिला कृषि अधिकारी कार्यालय पर महापंचायत की और बाद में कमिश्नरी का घेराव कर 16 सूत्री ज्ञापन सौंपा।
जिला कृषि अधिकारी सौरभ वर्मा ने समस्याओं के समाधान का भरोसा दिलाया। थोक विक्रेताओं से बैठक की तिथि न मिलने पर किसान आक्रोशित हो गए। भाकियू के राष्ट्रीय महासचिव घनश्याम वर्मा ने कहा कि थोक विक्रेता फुटकर दर से अधिक दाम पर यूरिया बेच रहे हैं। उन्होंने थोक दर घोषित कर 266.50 रुपये प्रति बोरी यूरिया उपलब्ध कराने की मांग की। घनश्याम वर्मा ने ऑनलाइन यूरिया व्यवस्था को भी अनुचित बताया।
किसानों ने स्मार्ट मीटर हटाने, बीस घंटे बिजली आपूर्ति, डीजल मुफ्त करने और महंगाई कम करने की भी मांग की। जिला अध्यक्ष राम गणेश मौर्य, जिला उपाध्यक्ष शंकरपाल पांडेय, भागीरथी वर्मा, फरीद अहमद, भोला सिंह टाइगर, मोहम्मद अली, सिद्धू भारती समेत कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।