23- सुभाष नगर में कपड़े की दुकान पर खरीदारी करती महिलाएं - संवाद
अयोध्या। चार दिवसीय छठ पर्व का शुभारंभ शनिवार को नहाय खाय के साथ होगा। सूर्योपासना के इस महापर्व की तैयारी करने के लिए शुक्रवार को सुबह से ही बाजारों में महिलाएं फल, फूल, सूप, दउरा, कपड़े, गन्ना आदि की खरीदारी कर रही हैं। व्रत के नियमों और पारंपरिक विधि विधान के अनुसार छठ माई की पूजा की सामग्री जुटाने में लगी हुई हैं।
छठ में उपयोग होने वाले पूजन सामग्री की मांग तेजी से बढ़ गई है। दुकानदारों को इस बढ़ती मांग से काफी मुनाफा हो रहा है। दुकानदारों का कहना है कि इस वर्ष बिक्री पिछले साल की तुलना में 30 से 40 प्रतिशत अधिक हो रही है। चौक, सुभाष नगर, नियावां, रीड़गंज, नाका आदि बाजारों में सजी पूजन सामग्री और फल की दुकानों पर सुबह से देर रात तक श्रद्धालुओं की भीड़ बनी रही।
शनिवार से शुरू हो रहे चार दिवसीय इस त्योहार में महिलाएं नई साड़ी पहनकर सोलह शृंगार करके छठ मैया की विधि-विधान से पूजा करती हैं। इस वजह से कपड़ा बाजारों में साड़ियों और शृंगार के सामानों की बिक्री में तेजी है। शहर के दुकानदार आसपास के किसानों से ताजा नींबू, कच्ची अदरक-हल्दी, गन्ना और मूली खरीदकर बाजारों में बेच रहे हैं। इससे जिले के किसानों को भी फायदा मिल रहा है। चौक बाजार के दुकानदार महेश गुप्ता ने बताया कि छठ पर्व आते ही दुकान पर भीड़ बढ़ जाती है। चावल, गुड़, गेहूं का आटा, चंदन, गंंगाजल, सुपारी, शहद, ठेकुआ और अन्य पूजन सामग्री की खरीदारी ज्यादा हो रही है।
घाटों की हो रही साफ-सफाई
छठ पर्व को देखते हुए नगर निगम की ओर से सरयू नदी के घाटों पर साफ सफाई सजावट और प्रकाश व्यवस्था का काम भी तेजी से किया जा रहा है। घाटों पर बैरिकेडिंग और सुरक्षा व्यवस्था की तैयारी की जा रही है। नगर निगम की टीमें घाटों की मरम्मत कर रही हैं ताकि सूर्य को अर्घ्य देते समय श्रद्धालुओं को कोई परेशानी न हो।
23- सुभाष नगर में कपड़े की दुकान पर खरीदारी करती महिलाएं - संवाद