यूपी के अयोध्या में राम मंदिर की दान पेटिका से जुड़े कथित अनियमितता प्रकरण के बीच आरोपों के घेरे में आए रामशंकर यादव ऊर्फ टिन्नू यादव के परिवार ने अपने ऊपर लगाए जा रहे आरोपों को सिरे से खारिज किया है। स्वर्गद्वार मोहल्ले में टीनू यादव की पत्नी पूनम यादव ने बातचीत में कहा कि लगातार लगाए जा रहे आरोपों और सोशल मीडिया पर चलाए जा रहे दुष्प्रचार से पूरा परिवार आहत है। जाति के कारण हमें टारगेट किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि उनके पति टिन्नू यादव लंबे समय से राम मंदिर आंदोलन और उससे जुड़े कार्यों में सक्रिय रहे हैं। शुरुआती दौर में वे राम मंदिर आंदोलन के प्रमुख संत रहे रामचंद्र परमहंस के साथ कार्य करते थे। बाद में उनका संपर्क राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय से हुआ।
दान पेटिका प्रकरण पर पूछे गए सवाल के जवाब में पूनम यादव ने कहा कि यदि मंदिर परिसर से कोई धनराशि बाहर गई है तो उसकी जिम्मेदारी जांच और सत्यापन करने वाले लोगों की बनती है। इसमें उनके पति की क्या भूमिका है, इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।
पूनम ने आरोप लगाया कि राम मंदिर से जुड़े कार्यों के दौरान उनके पति के खिलाफ कई बार षड्यंत्र रचे गए। वर्तमान विवाद भी उसी कड़ी का हिस्सा है। परिवार जांच में पूरा सहयोग करेगा। हम लोग सच सामने आने का इंतजार कर रहा है।