अयोध्या। गुजरात के हिंदूवादी नेता उपदेश राणा को फोन पर जान से मारने की धमकी देने के मामले की जांच तेज की गई है। पुलिस और सर्विलांस टीमें कॉलर की सूचना खंगाल रही हैं। संबंधित नंबरों के सीडीआर निकलवाए गए हैं।
पुलिस को दिए तहरीर में सूरत सिटी के गोरादरी, सारथी एवेन्यू मान सरोवर निवासी उपदेश राणा ने बताया कि वह सनातन संघ के चेयरमैन हैं। वह सोमवार को अयोध्या आए थे और सिविल लाइन स्थित एक होटल में ठहरे थे। मंगलवार की सुबह 11:25 बजे उन्हें चार अलग-अलग नंबरों से कॉल आई। कॉल करने वाले ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी। फोन पर ही राम मंदिर को उड़ाने की धमकी दी गई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को भी अपशब्द कहा गया।
तहरीर मिलते ही नगर कोतवाली पुलिस ने सर्विलांस टीम से संपर्क साधा और उच्चाधिकारियों को जानकारी दी। एसपी सिटी के नेतृत्व में अलग-अलग टीमें घटना के खुलासे के लिए लगाई गईं। पुलिस की छानबीन में सामने आया है कि जिन नंबरों से व्हाट्सएप कॉल की गई थी, वह वर्तमान में बंद हैं। इस कारण फोन करने वाले की सही लोकेशन नहीं निकल सकी है। अन्य माध्यमों से कॉलर का पता लगाने की कोशिश की जा रही है। संबंधित नंबरों की सीडीआर निकलवाकर उनका अध्ययन किया जा रहा है। इससे भी तमाम सुराग मिलने के दावे किए जा रहे हैं।
नगर कोतवाल अश्विनी पांडेय ने बताया कि सिविल लाइन चौकी इंचार्ज अमित सिंह को मामले की जांच सौंपी गई है। वह स्वयं भी हर अपडेट ले रहे हैं। शीघ्र ही किसी नतीजे तक पहुंचने की उम्मीद है।