भेलसर। रुदौली तहसील के ग्रामीण क्षेत्रों के बाद अब नगर के मोहल्ला नयागंज में बीती रात तेंदुए की चहल कदमी दिखने से लोग सहमे हुए हैं। मोहल्ले के ही निवासी पवन कुमार ने बताया कि बीती रात लगभग सवा तीन बजे घर से बाहर निकले तो देखा सामने तेंदुआ चहलकदमी कर रहा है। मोहल्ले के विक्रम ने भी अपनी छत से तेंदुआ को देखकर बाहर सो रहे कुछ लोगों को जगाकर अंदर सोने के लिए बुला लिया।
तेंदुआ रात के समय घर के बाहर गली में टहलता हुआ नजर आया। मोहल्ले के लोगों में दहशत फैल गई है। सुबह मोहल्ले के ही कई लोगों ने पगमार्क भी लोगों को दिखाया। वहीं वन विभाग के अधिकारी की माने तो तेंदुआ दिखने की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम को मौके पर भेजा जाता है। तेंदुआ एक स्थान पर नहीं रुक रहा है। कभी गांव तो कभी हाइवे तो नगर में चहल कदमी की सूचना मिलती है, लेकिन वहां से तेंदुआ कही और चला जाता है वन विभाग अलर्ट है। वहीं तेंदुआ पिछले एक पखवाड़ा से रुदौली रेंज के इलाके में सक्रिय है। वनक्षेत्र अधिकारी जेपी गुप्ता ने बताया कि वन विभाग की टीम लगातार गश्त कर रही है। तेंदुआ कहीं दिखाई दे तो वन विभाग को तत्काल सूचित करें।