अयोध्या। खुशियों के पल ईद का चांद दिखते ही जिले में उल्लास का माहौल उत्पन्न हो गया। चांद देखने के साथ ही लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद दी। इस बीच ईद की विशेष नमाज अदा करने के लिए एक दिन पहले ही ईदगाहों व मस्जिदों की विशेष साफ-सफाई व रंग-रोगन का काम भी पूरा कर लिया गया।
एक माह तक पवित्र रमज़ान में अल्लाह की इबादत करने के बाद रविवार देर शाम लोग अपनी-अपनी छतों व मैदानों में पहुंचकर चांद देखने की कोशिश में लग गए। जैसे ही चांद का दीदार हुआ, लोगों का उत्साह चरम पर पहुंच गया। जगह-जगह आतिशबाजी की गई, तो लोगों ने एक दूसरे को गले लगाकर ईद पर्व की बधाई देनी शुरू कर दी।
वरिष्ठ शिया धर्मगुरु वसीका अरबी कॉलेज से जुड़े मौलाना नदीम रजा ने कहा कि एक माह तक अल्लाह की इबादत करने के बाद यह शुक्र अदा करने का समय है। उन सभी को चाहिए कि न सिर्फ अल्लाह का शुक्र अदा करें। बल्कि कोई ऐसा कार्य ना करें जिससे महीने भर की गई इबादत बेकार हो जाए। मौलाना वसी हसन खां ने कहा कि पर्व की खुशियां मनाते समय इस बात पर जरूर ध्यान दें कि आर्थिक रूप से कमजोर परिवार के सदस्यों के चेहरे पर भी मुस्कान हो। मौलाना मोहम्मद मोहसिन ने कहा कि ईद के दिन नमाज से पहले फितरा निकालना ज़रूरी है। फितरे की रकम समय रहते आर्थिक रूप से कमजोर परिवार तक जरूर पहुंचा दें, जिससे वो भी पर्व की खुशियां मना सकें।