चौक से रिकाबगंज मार्ग के नए स्थान पर काफी चौड़ाई में सड़क खोदे जाने से बाधित हुआ आवागमन।
- फोटो : संवाद
अयोध्या। चौक-रिकाबगंज मार्ग पर दिन भर आवागमन बाधित रहा। इस दौरान यहां लगे जाम से राहगीर जूझते रहे। सीवर लाइन बिछाने के लिए दो नए स्थानों पर काफी चौड़ाई में गड्ढे खोद दिए जाने से यह स्थिति उत्पन्न हुई है। इसके चलते एक ही लेन से शहर के इस अति व्यस्त मार्ग पर वाहनों का आवागमन हो रहा है।
अमृत योजना के तहत शहर के ह्रदय स्थल चौक क्षेत्र में इस समय आखिरी चरण का सीवर पाइप लाइन बिछाने का काम चल रहा है। चौक घंटाघर पर इसे पूरा किया जा चुका है। अब यहां से रिकाबगंज, रीडगंज और गुदड़ी बाजार जाने वाले मार्गों पर बड़े-बड़े गड्ढे खोदकर पाइप लाइन डाली जा रही है। ऐसे में ही चौक से रिकाबगंज जाने वाले मार्ग के प्रवेश द्वार से आगे बढ़ने पर एक नए स्थान पर काफी चौड़ाई में सड़क को खोद कर बैरिकेडिंग लगा दी गई है। ऐसे में यहां पर सुबह से रात तक लगातार जाम लग रहा है। भीषण गर्मी में इस छोटी सी दूरी को तय करने में लोगों को काफी समय लग जा रहा है।
इसी तरह कोतवाली नगर के पास वाले प्रवेश द्वार पर जमुनियाबाग के हैदरगंज मोड़ पर भी सीवर लाइन बिछाने के लिए ही काफी बड़े क्षेत्रफल में गड्ढा खोद दिया गया है। इसके चलते रीडगंज की तरफ से आने वाले वाहन अपनी लेन के प्रवेश द्वार से चौक की ओर नहीं जा पा रहे हैं। यहां पर भी लोगों को जाम की समस्या का सामना करना पड़ रहा है। इन दिक्कतों के लिए काफी हद तक यातायात पुलिस भी जिम्मेदार है। यदि रूट डायवर्जन प्रभावी कर दिया जाए तो आवागमन में हो रही समस्या काफी हद तक कम हो सकती है। जल निगम के अधिशासी अभियंता आनंद दुबे ने बताया कि पूरी कोशिश है कि इस व्यस्ततम इलाके में जल्द काम पूरा कर लिया जाए। लोगों को दिक्कत कम हाे, इसीलिए अलग-अलग ब्लॉक में सीवर लाइन बिछाने के लिए गड्ढे खोदे जा रहे हैं।